दो महीने में ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए चुनाव में सबसे ज्यादा वोट से जीतने वाले पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला, गिरफ्तार

विजय सिंगला।-फाइल फोटो


चंडीगढ़। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को राज्य मंत्रिमंडल से हटा दिया गया है। भ्रष्टाचार के आरोप में पंजाब मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने के कुछ देर बाद ही विजय सिंगला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दी। 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि स्वास्थ्य मंत्री भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त हैं और उनके पास इसका सबूत है। सीएम ने कहा कि वह कथित तौर पर एक टेंडर में रिश्वत मांग रहे थे। आरोप है कि सिंगला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी सभी टेंडरों पर कथित तौर पर 1 फीसदी कमीशन ले रहे थे। मान ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए निर्णय लिया गया कि उनकी सरकार भ्रष्ट आचरण से मुक्त रहे। पुलिस को सिंगला के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा-‘मैं मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। मैं उन्हें कैबिनेट से हटा रहा हूं। हमें भ्रष्टाचार के मामले में उनकी संलिप्तता के पर्याप्त सबूत मिले हैं। मुझे परवाह नहीं है कि विपक्षी दल इसका इस्तेमाल हम पर निशाना साधने के लिए करना चाहते हैं, यह कहते हुए कि 2 महीने के भीतर भ्रष्टाचार के आरोपों में एक मंत्री को हटा दिया गया। मुद्दा यह है कि हम इस तरह के कदाचार में शामिल किसी को भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद 2015 में उन्होंने खुद दिल्ली में एक मंत्री को हटा दिया था।’ मान ने दावा किया कि सिंगला ने गलत काम करना स्वीकार किया था।

उल्लेखनीय है कि तीन दशक से अधिक समय के बाद मनसा को विधानसभा क्षेत्र से मंत्री मिला था। सिंगला को भी इस चुनाव में सबसे ज्यादा वोट मिले थे।

Post a Comment

और नया पुराने