मध्यप्रदेश : राज्यसभा उम्मीदवार सुमित्रा वाल्मीकि और कविता पाटीदार ने दाखिल किया नामांकन


भोपाल। मध्यप्रदेश से राज्यसभा के तीन स्थानों के लिए निर्वाचन हो रहा है और नामांकनपत्र दाखिले की आज अंतिम तिथि है। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा की प्रत्याशी सुमित्रा वाल्मीकि और कविता पाटीदार ने नामांकनपत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित मंत्री और अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।

सुमित्रा वाल्मीकि और कविता पाटीदार ने भरा नामांकन पत्र 

सुमित्रा वाल्मीकि एवं कविता पाटीदार ने राज्य विधानसभा में राज्यसभा निर्वाचन के लिए बनाए गए चुनाव कार्यालय पहुंचकर नामांकनपत्र दाखिल किया। दोनों प्रत्याशी का प्रदेश कार्यालय में स्वागत किया गया। दोनों ने कार्यालय परिसर में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया। भाजपा की प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं और वे अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व करती हैं। इसके अलावा सुमित्रा वाल्मीकि प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष हैं और अनुसूचित जाति वर्ग का प्रतिनिधित्व करने के साथ ही जबलपुर में पार्षद रह चुकी हैं।

सीएम शिवराज ने किया ट्वीट :

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा- राज्यसभा के लिए भाजपा की प्रत्याशियों बहन सुमित्रा वाल्मीकि और बहन कविता पाटीदार द्वारा नामांकन दाखिल करने के अवसर पर उपस्थित हुआ। हमें विश्वास है कि आप देश की उच्च सदन में मध्यप्रदेश से प्रभावशाली प्रतिनिधित्व करते हुए विकास एवं गरीब कल्याण में सहभागी बनेंगी।

सोमवार को विवेक तन्खा ने राज्यसभा के लिए भरा था अपना नामांकन 

कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा सोमवार को ही अपना नामांकनपत्र दाखिल कर चुके हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन भरा था, इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह उपस्थित रहे थे।

Post a Comment

और नया पुराने