मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने हमारे मुख्यालय पर ‘हमला' बोला, आज राजभवन घेरेंगे : कांग्रेस



नई दिल्ली। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के तीसरे दिन बुधवार को भी विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने उसके मुख्यालय पर ‘हमला' बोला और कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। 

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा कि पुलिस के इस व्यवहार और जनता के हक में उठने वाली राहुल गांधी की आवाज को दबाए जाने के खिलाफ कांग्रेस बृहस्पतिवार को सभी राजभवनों का घेराव करेगी।

आरोप को खारिज करते हुए दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हो सकता है कि कुछ धक्का-मुक्की हुई हो, लेकिन पुलिस कांग्रेस कार्यालय के भीतर नहीं गई। पुलिस ने कोई बल प्रयोग भी नहीं किया।’
 
सुरजेवाला ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘भाजपा और मोदी सरकार की पिट्ठू दिल्ली पुलिस गुंडागर्दी की हर सीमा पार गई। भाजपा के इशारे पर पुलिस दरवाजे तोड़कर कांग्रेस मुख्यालय में घुसी और नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पीटा। अब लगता है कि प्रजांतत्र की हत्या हो चुकी है, संविधान को बुलडोजर के नीचे रौंद दिया गया है, केवल अत्याचार का शासन बचा है।’ 

उन्होंने कहा, ‘हमारे सब्र का इम्तहान नहीं लें। किस हैसियत से पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय पर हमला बोला? वे कैसे कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को पीट सकते हैं? इसका जवाब दिल्ली पुलिस और मोदी सरकार को देना पड़ेगा।’ 

सुरजेवाला ने कहा, हमारी मांग है कि पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, उन्हें निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ विभागीय जांच हो।

पूछताछ की रिकॉर्डिंग, कल फिर बुलाया

राहुल गांधी ‘नेशनल हेराल्ड’ समाचार पत्र से जुड़े मामले में लगातार तीसरे दिन बुधवार को ईडी के समक्ष पेश हुए। अधिकारियों का कहना है कि 3 दिनों की पूछताछ के दौरान राहुल गांधी के बयान की ऑडियो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। उनके बयानों को ए4 आकार वाले कागज पर टाइप किया जा रहा है और मिनट-मिनट के आधार पर उन्हें दिखाया जाता है और हस्ताक्षर करवाया जाता है तथा इसके बाद जांच अधिकारी को इसे सौंपा जाता है। उन्हें शुक्रवार को फिर तलब किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, राहुल ने बृहस्पतिवार के लिए छूट मांगी थी। 

सूत्रों ने बताया कि राहुल से एजेएल के स्वामित्व वाली 800 करोड़ रुपये की संपत्तियों के बारे में सवाल किया जा रहा है। इस बारे में भी पूछा जा रहा है कि गैर लाभकारी कंपनी ‘यंग इंडियन’ वाणिज्यिक गतविधियों को कैसे अंजाम दे रही थी।

दीपेंद्र हुड्डा का आवास 'सील'

पार्टी सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि पुलिस ने उनके आवास को ‘सील' कर दिया है। कांग्रेस ने दावा किया कि उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी मुख्यालय पहुंचने से रोका गया और सिर्फ दो मुख्यमंत्रियों अशोक गहलोत एवं भूपेश बघेल को ‘24 अकबर रोड' पहुंचने की अनुमति दी गई। 

कांग्रेस के अनुसार, सांसद मणिकम टैगोर, और जयकुमार विजय वसंत, भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भूपेश बघेल ने कहा, ‘पहले दिन (सोमवार) 200 लोगों को कांग्रेस मुख्यालय जाने की अनुमति मिली। कहा गया कि केवल दो मुख्यमंत्री ही पार्टी मुख्यालय जा सकते हैं। कर्मचारी भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। '

Post a Comment

और नया पुराने