जबलपुर : युवा कल के भारत के सपने को साकार करने वाले उपकरण हैंः नड्डा


जबलपुर। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि देश का युवा कल के भारत के सपने को पूरा करने वाला उपकरण है और इसके लिये युवाओ को अपने कंधे मजबूत करने होंगे और आने वाली समस्याओं को समझते हुए पूरी ताकत के साथ उनसे लड़ना होगा।

श्री नड्डा ने यह बात युवा मोर्चा के यूथ कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान यहां के वैटरेनरी कालेज मैदान में हजारों की संख्या में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया।

श्री नड्डा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा किसी भी देश और समाज को आगे बढ़ाने में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है और युवा बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 32 साल की उम्र में आदि गुरु शंकराचार्य जी ने पूरी दुनिया को आध्यात्म का संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद ने युवा अवस्था में दुनिया को हिन्दू संस्कृति और भारतीयता की नई परिभाषा दी।

उन्होंने कहा कि आज़ादी की लड़ाई जो महात्मा गांधी ने 1915 में शुरू की थी, उसे 1925 में गति तभी मिली, जब नेताजी सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुखदेव और राजगुरु जैसे युवाओं का साथ मिला। 1977 में जेपी आंदोलन का हिस्सा बनकर लाखों युवाओं ने देश में भृष्टाचार और भाई भतीजावाद से मुक्त सरकार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसीलिए परिवर्तन का नाम युवा है, नई उमंग का नाम युवा है, नई सोच का नाम युवा है, समाज को बदलने वाली ताकत का नाम युवा है। श्री नड्डा ने कहा भारत सौभाग्यशाली देश है जो युवा देश कहलाता है।

भाजपा अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान का युवाओं के प्रति दृष्टिकोण इस बात से पता चलता है कि भारत में 2014 में स्टार्टअप की संख्या 65 से 70 थी। बाद में 135 हुई और आज स्टार्टअप की संख्या पूरे देश मे 70 हजार है, जिसमें से 100 स्टार्टअप को यूनिकान दर्जा प्राप्त है, जिनकी केपिटल 100 करोड़ से अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री चौहान चाहते हैं कि हमारा युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने और इस दिशा में देश में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया के माध्यम से अवसर दिए जा रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य बदला है।

उन्होंने कहा हमारे देश की ताकत आज दुनिया ने पहचानी है और इसका उदाहरण है कि हम यूक्रेन से अपने 23 हजार बच्चों को सकुशल वापस लाये है। मोदी सरकार ने ही अफगानिस्तान से गुरुग्रंथ साहिब को वापस लाने का कार्य किया है और न सिर्फ सिख भारतीय बल्कि पाकिस्तान और नेपाल के बच्चों को भी भारत वापस लाया गया है। यह इस बात को दर्शाता है कि देश मे सही नेतृत्व आने से क्या होता है।

श्री नड्डा ने कहा कि भारत की विकासदर 8.7 की दर से बढ़ रही साथ ही मप्र की विकासदर भी 19.74 की दर से बढ़ रही है। प्रति व्यक्ति आय देश मे पहले 79 हजार थी जो आज बढ़कर 1 लाख 50 हजार हो गई है। मप्र में भी 1 लाख 24 हजार हुई है। देश में नए मेडिकल अस्पताल 170 बने है या बन रहे हैं जिनमें से 17 मप्र में बन रहे है। मध्यप्रदेश में श्री चौहान के कारण अब गांव गांव के बच्चे मेडिकल और इंजीनियरिंग का पढ़ाई अंग्रेजी में नही बल्कि हिंदी में करेंगे और अब हिन्दी माध्यम से पढ़ा बच्चा भी डॉक्टर और इंजीनियर बनकर सेवा करेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा 18 से 35 आयु का युवा नही होता बल्कि जिसके पैरों में गति, सीने में आग, आंखों में सपने और अत्याचार के खिलाफ लड़ने का साहस हो वह युवा होता है। उन्होंने कहा महाराणा प्रताप युवा थे, रानी दुर्गावती युवा थी, लोकमान्य तिलक युवा थे, सुभाषचंद्र बोस युवा थे और नरेंद्र मोदी युवा है क्योकि श्री मोदी नेतृत्व में हम गौरवशाली, शक्तिशाली, वैभवशाली और समृद्धशाली भारत के ओर बढ़ रहे है और देश ही नहीं दुनिया में भारत का नाम रोशन हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस और अन्य पार्टियां परिवारवाद को बढ़ाने वाली पार्टी है और भाजपा ऐसी पार्टी है जिसमें एक साधारण कार्यकर्ता को भी मौका दिया जाता है, इसीलिए वे कहते हैं कि काम करने वालों को इज्जत और सम्मान दोनों मिलता है। मुख्यमंत्री ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत के चुनाव में पार्टी को जीत दिलाना है और हितग्राही मुलक योजनाओ को लोगो तक पहुँचाना है।

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष में युवा मोर्चा के यूथ कनेक्ट अभियान शामिल होने पधारे श्री नड्डा के साथ उन युवाओं को धन्यवाद देते हैं जो बड़ी संख्या में भाजपा के साथ जुड़ रहे है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि युवाओ को अवसर देंगे और संगठन ने भी यह तय किया है कि हम वर्तमान के साथ भविष्य के नेतृत्वकर्ता भी तैयार करेंगे। उन्होंने कहा हमारे युवा कार्यकर्ता झूठ फैलाने वालों के झूठ को उजागर करने का काम करें और संगठन का कार्य करते हुए मध्यप्रदेश में नया इतिहास लिखें।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रह्लाद पटेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, संगठन महामंत्री श्री हितानंद, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, युवा मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, शरतेदु तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित्रा वाल्मीकि, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर के साथ युवा मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने