उत्तर प्रदेश : हिंसा के 'मास्टरमाइंड' जावेद पंप के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार को हुई हिंसा के मास्टरमाइंड बताए जा रहे जावेद अहमद उर्फ जावेद पंप के घर पर रविवार दोपहर बुलडोजर चला। जावेद पंप को प्रयागराज के अटाला इलाके में हुई हिंसा के मामले में पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद प्रयागराज डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीडीए) एक्शन में नजर आई और जावेद के घर में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने का नोटिस शनिवार देर शाम चस्पा किया गया।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिसबल मौजूद
पीडीए की ओर से जावेद पंप के घर पर नोटिस चिपकाकर उसे खाली करने के लिए कहा गया था। पीडीए ने रविवार 11 बजे तक घर को खाली करने की मोहलत दी थी। ऐसे में सुबह से ही इलाके में पुलिस और सुरक्षाबल बड़ी संख्या में मौजूद नजर आए। खबर लिखे जाने तक बुलडोजर से जावेद के घर का बाहरी गेट और बाउंड्री वॉल को गिराया गया था। 

कार्रवाई के दौरान मौके पर महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहीं ताकि महिलाओं के विरोध करने पर उनसे निपटा जा सके।

प्रयागराज डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से दिए नोटिस में जावेद के घर में अवैध निर्माण की बात कही गई है। पीडीए ने नोटिस में कहा है कि अनुमति लिए बगैर अवैध तरीके से भूतल और प्रथम तल का निर्माण कराया गया है। इस संबंध में 10 मई 2022 को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था और 24 मई को सुनवाई की तिथि तय की गई थी। पीडीए के अनुसार हालांकि तय तिथि को न तो जावेद या जावेद के कोई वकील सुनवाई के लिए पहुंचे। साथ ही न ही कोई जवाब दिया गया।

पीडीए का नोटिस
पीडीए के अनुसार 25 मई को भवन के ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे और नोटिस भी चस्पा किया गया था। पीडीए की नोटिस के अनुसार भवन को ध्वस्त कर 9 जून तक सूचित किया जाना चाहिए था पर ऐसा नहीं हुआ और इसलिए अब ध्वस्तीकरण किया जा रहा है।

प्रयागराज हिंसा के बाद एक्शन में पुलिस
हिंसा के मामले में पुलिस ने शनिवार को जावेद पंप सहित कई लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी थी। पुलिस के अनुसार घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है और थाना खुल्दाबाद और थाना करेली में 70 नामजद अभियुक्तों और 5000 से भी ज्यादा अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ 29 गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जावेद अहमद से गहनता से पूछताछ की जा रही है जिसके आधार पर अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।

इस बीच शुक्रवार की हिंसा और पत्थरबाजी के संबंध में रविवार सुबह 8 बजे तक पूरे उत्तर प्रदेश कुल 304 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें प्रयागराज से 91, सहारनपुर से 71, हाथरस से 51, मुरादाबाद से 34, फिरोजाबाद से 15 और अंबेडकरनगर से 34 आरोपी पकड़े गए हैं। 13 प्राथमिकी दर्ज की गई है। ये जानकारी यूपी के एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने दी।

Post a Comment

और नया पुराने