बिहार में पकड़ौआ शादी : घर से मवेशियों का इलाज करने निकले वेटनरी डॉक्टर का अपहरण कर मंदिर में करा दिया विवाह


पटना। बिहार में एक बार फिर से पकड़ौआ विवाह के मामले में बेगूसराय जिले के तेघरा थाना क्षेत्र के पिढ़ौली गांव में एक वेटनरी डॉक्टर का अपहरण कर मंदिर में शादी करा दी गई। हालांकि, अब तक वह घर नहीं लौटा है।

कहा जा रहा है कि सोमवार को वह घर से मवेशियों का इलाज करने निकला था, लेकिन रास्ते में उसका अपहरण कर लिया गया। जानकारी के अनुसार आज सुबह पिढौली गांव के रहने वाले सुबोध कुमार झा के मोबाइल पर एक वीडियो आया। यह वीडियो उनके बेटे सत्यम की शादी का था। इसमें सत्यम के साथ एक लड़की बैठी हुई थी।

पंडित जी मंत्रोचार कर रहे थे और आसपास लोगों की भीड़ जमा थी। इसमें शादी की रस्में निभाई जा रही थीं।  इस वीडियो को देखने के बाद घरवालों के होश उड़ गए। इसकी जानकरी मिलते ही लड़के के परिजनों ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस डॉक्टर सत्यम की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।

लड़के के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सोमवार की दोपहर सत्यम कुमार मवेशी का इलाज करने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं आया. परिजनों ने आरोप लगाया है कि हसनपुर गांव के विजय सिंह ने सत्यम का अपहरण किया और उसकी शादी करा दी है।

फिलहाल पुलिस सत्यम की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है‌। सत्यम की बरामदगी के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा। इस संबंध में तेघरा थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस प्रेम प्रसंग मान कर मामले की जांच कर रही है। यह शादी गढ़पुरा थाना क्षेत्र के मोडतर गांव में हुई है।

जहां लड़की की मौसी का घर है, वहीं यह शादी कराई गई है। परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाया है। वहीं, लड़का और लड़की को शादी के बाद घर वालों ने वहां से हटा दिया है। लड़के के सामने आने के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने