महाराष्ट्र में अब की बार, ईडी सरकार’ : कांग्रेस

कहा- महाराष्ट्र में ‘देवेंद्र और एकनाथ’ के साथ आने से बनी 'ईडी सरकार’


नई दिल्ली। कांग्रेस ने महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा प्रहार किया और कटाक्ष करते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के आने से राज्य को ‘ईडी सरकार’ मिली है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह आरोप भी लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी हर कीमत पर सत्ता चाहती है तथा इसके लिए वह लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई सरकारों को अस्थिर कर रही है जो लोकतंत्र का अपमान है। 

कांग्रेस मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा ने प्रवर्तन निदेशालय का उल्लेख किया और कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया कि अब ‘एकनाथ और देंवेंद्र’ के साथ आने से महाराष्ट्र में ‘ईडी सरकार’ मिल गई है। शिंदे ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। फडणवीस उप मुख्यमंत्री बने हैं। जयराम रमेश ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा ने धनबल, सत्ताबल और बाहुबल के दम पर एक और राज्य को अनैतिक ढ़ंग से अपने कब्जे में कर लिया है। महाराष्ट्र में जो हुआ वो भारत जैसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। मोदी-शाह के नेतृत्व में भाजपा किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना चाहती है। वे चाहते हैं कि या तो सत्ता उनके पास रहे या या कुर्सी की डोर उनके हाथों में हो।’’ 

उन्होंने दावा किया, ‘‘सत्ता के लिए खरीद-फरोख्त, राज्यपाल एवं विधानसभा अध्यक्षों की शक्तियों का गलत इस्तेमाल तथा ईडी-सीबीआई जैसी एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है। अब तो यह आलम है कि केंद्रीय वित्तमंत्री के मुंह से भी सच निकल जाता है। अब वो हॉर्स ट्रेङ्क्षडग (खरीद-फरोख्त) पर जीएसटी लगाने का सुझाव दे रहीं हैं।’’ 

रमेश के अनुसार, ‘‘वर्ष 2016 में उत्तराखंड में भाजपा ने कुछ इसी तरह कांग्रेस की सरकार गिराई थी। कांग्रेस विधायकों के पार्टी छोडऩे के कारण 5 साल के लिए चुनी हुई सरकार चार साल में ही अल्पमत में आ गई थी। उसी वर्ष अरुणाचल में भी कांग्रेस के 44 में से 43 विधायक मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में दलबदल करते हुए भाजपा सर्मिथत मोर्चे में शामिल हो गए थे।’’ 
 
उन्होंने मणिपुर, राजस्थान और कुछ अन्य राज्यों में विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त का हवाला दिया और कहा, ‘‘भाजपा लोकतांत्रिक ढ़ंग से चुनी हुई सरकारों को जिस तरह अस्थिर कर रही है उसकी हम कड़ी भर्त्सना एवं निंदा करते हैं। ये न सिर्फ लोकतंत्र का अपमान है बल्कि देवतुल्य जनता का भी अपमान है जो भाजपा की विचारधारा के खिलाफ वोट करती हैं।’’ 


कीमत इतनी बढ़ गई कि लोग सिलेंडर नहीं भरवा पा रहे हैं: कांग्रेस 
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने रसोई गैस की कीमतों में इतनी ज्यादा बढ़ोतरी कर दी है कि आम लोग अपना घरेलू गैस सिलेंडर भी नहीं भरवा पा रहे हैं। 

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक खबर का हवाला देते हुए फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मई 2016 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत हुई। पेट्रोल पंप से लेकर अखबार तक, इस योजना पर करोड़ों रूपए खर्च किये गए, फिर 10 अगस्त 2021 को उज्ज्वला 2.0 की शुरूआत की गयी और जनता के टैक्स के करोड़ों रूपये फिर से विज्ञापनों पर उड़ाए गए।’’  

उन्होंने कहा, ‘‘फिर धीरे-धीरे सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए और आज एक सिलेंडर भराने की कीमत 1000 रुपये हो चुकी है। मैंने कहा था कि प्रधानमंत्री जी ने दो हिंदुस्तान बना दिये हैं, एक अमीरों का और एक गरीबों का।’’ 

राहुल ने यह भी कहा, ‘‘अपनी एक रैली में, चूल्हे पर खाना बनाने वाली माताओं के लिए प्रधानमंत्री जी कुछ ज्यादा भावुक हो गए थे, लेकिन आज सिर्फ एक वर्ष (2021-22) में ही 3.59 करोड़ लोगों को चूल्हा फूंकने पर मजबूर कर दिया है।’’ 

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसी विषय पर ट्वीट किया, ‘‘आज देश में दो भारत बन चुके हैं। एक जहां 'विषगुरु’’ के कुछ चुनिंदा मित्र रोका और अमीर होते जा रहे हैं, दूसरा जहां देश के आम लोग अपना घरेलू गैस सिलेंडर भी नहीं भरवा पा रहे हैं।’’ 

रसोई गैस की बढ़ती महंगाई के बीच सूचना के अधिकार से खुलासा हुआ है कि सार्वजनिक क्षेत्र की तीन तेल मार्केटिंग कंपनियों के कुल 3.59 करोड़ घरेलू गैस कनेक्शन धारकों ने पिछले वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान एक भी सिलेंडर नहीं भराया। वहीं, 1.20 करोड़ ग्राहकों ने पूरे साल में केवल एक सिलेंडर भराया।

Post a Comment

أحدث أقدم