कांग्रेस के पास केवल एक 'नाथ' है, बाकी कांग्रेस 'अनाथ' है... : शिवराज सिंह चौहान



भोपाल। महाराष्ट्र में महा अघाड़ी सरकार के गिरने के बाद शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने गुरुवार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। भाजपा के साथ शिंदे के सरकार बनाने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता व पूर्व सीएम कमलनाथ पर एक बार फिर चुटकी ली।

जबलपुर में मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह ने कहा, महाराष्ट्र सरकार को बचाने के लिए एक व्यक्ति (कमलनाथ) को भेजना कांग्रेस के लिए अजीब है, जो अपनी सरकार को नहीं बचा सके... बेचारे उद्धव... । शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के पास केवल एक 'नाथ' है, बाकी कांग्रेस 'अनाथ' है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट के बीच कमलनाथ को ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक बनाकर मुंबई भेजा गया था। उस वक्त भी कमलनाथ पर शिवराज सिंह ने कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था, “कांग्रेस हो गई अनाथ और महाराष्ट्र निकल गए कमलनाथ, मध्यप्रदेश में जो खुद की सरकार बचा नहीं पाए, वो महाराष्ट्र कैसे बचा पाएंगे?”

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 10 दिनों से चल रहे राजनीतिक संकट को विराम देते हुए गुरुवार भाजपा और एकनाथ शिंदे गुट ने मिलकर नई सरकार बना ली। शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्हें राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने गुरुवार शाम पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं भाजपा नेता और पूर्व में महाराष्ट्र के सीएम रह चुके देवेंद्र फड़नवीस ने बतौर उप-मुख्यमंत्री शपथ ली।

Post a Comment

और नया पुराने