बुधवार को दोपहर दो बजे शपथ लेंगे नीतीश कुमार-तेजस्वी यादव



पटना। बिहार में जदयू-राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन की सरकार का कल 2 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। राजद ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह कल दोपहर 2 बजे राजभवन में होगा। नीतीश कुमार ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से बातचीत की।

बिहार में नीतीश कुमार ने मंगलवार को ‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मुख्यमंत्री’ के तौर पर इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा। सर्वसम्मति से ‘महागठबंधन’ का नेता चुने जाने पर उन्होंने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। नीतीश कुमार ने कहा कि हमारे महागठबंधन में निर्दलीय विधायकों के साथ 164 विधायकों सहित सात पार्टियां हैं।

आज भाजपा को छोड़कर बिहार विधानसभा के सभी दलों और सदस्यों ने नीतीश कुमार को अपना नेता मान लिया है। वरिष्ठ जदयू नेता नीतीश कुमार और वरिष्ठ राजद नेता तेजस्वी यादव क्रमशः मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ बुधवार दोपहर दो बजे लेंगे। उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि राजभवन में दोपहर दो बजे एक सादे समारोह में दोनों शपथ लेंगे।

कुमार के जदयू और यादव के राजद सूत्रों ने कहा कि बाद में दो सदस्यीय मंत्रिमंडल में और मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। भाजपा नीत राजग को छोड़ कुमार आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह सात दलों के गठबंधन का नेतृत्व करेंगे। इस गठबंधन को एक निर्दलीय का समर्थन प्राप्त है।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में जो भी हो रहा था वो किसी से छुपा नहीं था। जनता विकल्प चाहती है, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। नीतीश कुमार ने अपना काम किया, इन्होंने नरेंद्र मोदी के सामने ये मांग रखी लेकिन इनकी मांग को नहीं माना गया।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन के साथ पहुंचे कुमार राबड़ी देवी के आवास पर करीब आधा घटा रहे। इसके बाद नीतीश कुमार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ समर्थन पत्र लेकर वापस आए। करीब 15 मिनट बाद कुमार ने एक बार फिर राज्यपाल से मुलाकात कर नयी सरकार के गठन का दावा पेश किया। इस दौरान, कुमार के साथ तेजस्वी यादव, पूर्व उपमुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के अलावा जदयू के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दल शामिल हैं।

बिहार विधानसभा में राजनीतिक दलों की स्थिति
कुल सदस्य : 243 प्रभावी संख्या : 242 
(राष्ट्रीय जनता दल का एक सदस्य अयोग्य घोषित)

बहुमत की संख्या: 122

महागठबंधन : जनता दल (यूनाइटेड) : 46 (पार्टी के 45 विधायक, एक निर्दलीय) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) : 79 
कांग्रेस : 19 भाकपा-माले : 12 भाकपा : 02 माकपा : 02 हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा : 04 कुल : 164

भारतीय जनता पार्टी : 77

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) : 01

Post a Comment

أحدث أقدم