भूपेंद्र चौधरी भाजपा के उत्तर प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष

फाइल फोटो


नई दिल्ली। भाजपा ने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र चौधरी को पार्टी की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। 

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से जारी इस बयान में कहा गया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भूपेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। 

चौधरी की नियुक्ति को राजनीतिक रूप से प्रभावी जाट समुदाय को साधने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। 

ज्ञात हो कि केंद्र सरकार के विवादास्पद तीन कृषि कानूनों के खिलाफ राजधानी दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में एक साल तक चले आंदोलन में जाट समुदाय ने अग्रणी भूमिका निभायी थी। चौधरी ने बुधवार को देर शाम भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की थी। वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंत्रिपरिषद में पंचायतीराज मंत्री हैं। चौधरी, प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का स्थान लेंगे। मुख्यमंत्री योगी पूर्वी उत्तर प्रदेश से हैं। ऐसे में भाजपा ने चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त कर क्षेत्रीय संतुलन भी साधने की कोशिश की है। चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं और वह विधान परिषद के सदस्य हैं।

Post a Comment

और नया पुराने