वॉशिंगटन। अमेरिका में 20 साल के एक युवक ने पेड़ काटते समय गलती से मधुमक्खी के छत्ते पर कुल्हाड़ी मार दी। इससे उसके ऊपर सैकड़ों की संख्या में मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हमले से युवक की हालत बिगड़ गई, वह कोमा में चला गया। अस्पताल में उसको वेंटिलेटर पर रखा गया था। उसकी हालत गंभीर बनी रही। एक हफ्ते बाद वह कोमा से बाहर होश में आ सका है।
बताया जा रहा है कि युवक आस्टिन बेलामी अमेरिका के ओहियो शहर में रहता है। पिछले हफ्ते वह एक पेड़ पर चढ़कर उसकी छंटाई कर रहा था। उसे इसकी जानकारी नहीं थी कि उस पेड़ पर अफ्रीकी किलर मधुमक्खियां अपना छत्ता बनाई हुई हैं। इसकी वजह से वह अनजाने में छत्ते पर अपनी कुल्हाड़ी चला दी। इससे भन्नाई मधुमक्खियों ने उस पर हमला बोल दिया और उसको बीस हजार बार डंक मारा। बड़े मुश्किल से उसे वहां से हटाया जा सका।
मां और चाचा को भी मधुमक्खियों ने डंक मारे
उसकी मां शाना कार्टर ने मीडिया को बताया कि मधुमक्खियों के झुंड ने उसके सिर, गले और बाहों को चारों ओर से घेर लिया जैसे उसके ऊपर किसी ने काला कंबल डाल दिया हो। मधुमक्खियों ने उसको बुरी तरह घायल कर दिया। उस वक्त मां और चाचा पास में ही खड़े थे। मधुमक्खियों ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया था। हालांकि वे नीचे थे, इसलिए उन्हें ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा।
ऑस्टिन को पेड़ से नीचे उतारने के लिए दमकल की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। ऑस्टिन बेलामी को सिनसिनाटी मेडिकल सेंटर विश्वविद्यालय में गंभीर हालत में पहुंचाया गया, जहां वह कोमा में चले गए थे।
20 वर्षीय ऑस्टिन को बुधवार को लगभग एक हफ्ते के बाद होश आया। बेलामी की मां शावना कार्टर ने कहा कि उनके बेटे को 20,000 से अधिक बार मधुमक्खियों ने काटा था और उसने लगभग 30 मधुमक्खियों को निगल लिया था।
Post a Comment