बीएसएनएल की सुस्त रफ़्तार से लटक रहे कर्मचारियों के काम

कभी लिंक नहीं मिलता तो कभी सर्वर हो जाता है फेल 


बरगी नगर l भारत संचार निगम लिमिटेड यानि बीएसएनएल की लैंडलाइन और  इंटरनेट सेवाओं के आए दिन लिंक और सर्वर फेल रहने के कारण बरगी बांध के शासकीय कर्मचारियों के वेतन भुगतान तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के ना हो पाने के कारण कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश कुमार झारिया ने बताया कि बीएसएनएल की सेवाओं के लचर होने के कारण आए दिन बरगी नगर में लिंक फेल रहता है। मोबाइल के टावर भी एक-एक हफ्ते के लिए बंद रहते हैं। जिसके कारण बरगी बांध के शासकीय कार्यालयों में कामकाज बाधित रहता है। बीएसएनएल की घटिया सेवाओं के बारे में जब भी बीएसएनएल के संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जाती है तो वह टालमटोल करते हुए बीएसएनएल चालू होने की बात करते हैं जबकि यहां की जनता और कर्मचारी त्रस्त हो चुके हैं। इन्हीं सब कारणों के चलते अधिकतर लोग अब अपना बीएसएनल सर्विस प्रोवाइडर बदलकर अन्य निजी कंपनियों की ओर मजबूरन कनेक्शन  ले रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बरगी बांध के विद्युत यांत्रिकी द्वार अनु विभाग क्रमांक 1 तथा विद्युत यांत्रिकी अप संभाग  क्रमांक 7 बरगी नगर में इस कारण अत्यंत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों के वेतन का आहरण एरियर का भुगतान समय पर नहीं होता। जिस कारण यहां के कर्मचारियों को बरगी हिल्स जिला कोषालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। जिससे कर्मचारी गण मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के सी के श्रीवास्तव, सुरेश झारिया, राजेंद्र शुक्ला, तिहारी लाल मरकाम, विष्णु अग्निहोत्री, राजकुमार झारिया, मंडल कार्तिक और नरेश झारिया ने आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने