'जो भी कांग्रेस अध्यक्ष बनेगा वह नेहरू-गांधी परिवार के नेतृत्व में काम करेगा', अध्यक्ष के चुनाव पर बोले दिग्विजय सिंह



नई दिल्ली। शशि थरूर के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की दौड़ में दिग्विजय सिंह का नाम लगभग फाइनल हो चुका है। वे 30 सितंबर को अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। उन्होंने चुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन फार्म ले लिया है। इस दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। दिग्विजय सिंह ने कहा, मैं यहां (नामांकन) फॉर्म दाखिल करने के लिए हूं, और फिर मैं भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए वापस आऊंगा।

अध्यक्ष पद के चुनाव की दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि प्रत्येक पीसीसी प्रतिनिधि को राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का अधिकार है। मैंने नेहरू-गांधी परिवार के साथ अपने नामांकन पर चर्चा नहीं की है। मैंने एके एंटनी, खड़गे जी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। यहां कांग्रेस नेता ने खुलकर कहा कि पार्टी का जो भी अध्यक्ष बनेगा वह नेहरू-गांधी परिवार के नेतृत्व में काम करेगा। 

उन्होंने कहा, नेहरू-गांधी परिवार हमारा नेता रहेगा। जो भी पार्टी अध्यक्ष बनेगा वह उनके नेतृत्व में काम करेगा। हमारी प्राथमिकता यह देखना है कि देश के हालात कैसे सुधरते हैं, देश को बंटने नहीं देंगे या संविधान को कमजोर नहीं होने देंगे। 

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शशि थरूर भी दावेदार हैं। वह भी 30 सितंबर को नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। हालांकि वह जी-23 के सदस्य हैं और यह समूह कांग्रेस में सुधारों की मांग के लिए प्रबल रहा है। इसके अलावा उन्होंने पिछले दिनों भी अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग की थी। जबकि दिग्विजय सिंह गांधी परिवार के प्रति वफादार नेताओं में शुमार हैं। 

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए बीते 22 सितंबर को अधिसूचना जारी हो चुकी है और 24 से 30 सितंबर तक नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है और चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित होंगे।

Post a Comment

और नया पुराने