अगले पांच महीने और दौड़ेगी जबलपुर से बांद्रा स्पेशल ट्रेन



जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल से प्रत्येक शुक्रवार को चलने वाली स्पेशल सुपरफास्ट साप्ताहिक जबलपुर–मुंबई (बांद्रा टर्मिनस) यात्री गाड़ी की अवधि को रेल प्रशासन ने पांच महीने  के लिए विस्तारित कर दिया है। जबलपुर से प्रत्येक शुक्रवार को शाम 17.00 बजे चलकर नरसिंहपुर, इटारसी, भोपाल, उज्जैन, रतलाम, वड़ोदरा, सूरत, वापी, बोरावली, बांद्रा टर्मिनस तक जाने वाली ट्रेन न. 02134 अब 31 मार्च 2023 तक जबलपुर से मुंबई के बीच उक्त मार्ग से चलेगी। 

इस सम्बन्ध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्व रंजन ने बताया कि जबलपुर से प्रारंभ होकर मंडल की इस ट्रेन को रेल मंत्रालय द्वारा पूर्व में 7 अक्टूबर तक चलाने का निर्णय लिया गया था लेकिन यात्रियों की बढ़ती संख्या एवं इसकी उपयोगिता को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्री सुविधा के लिए इसे पांच माह के लिए और बढ़ा दिया है।

इसी तरह वापसी में भी यह ट्रेन न. 02133 की अवधि को भी 01अप्रैल 2023 तक विस्तारित किया गया है. वापसी में यह ट्रेन मुंबई (बांद्रा टर्मिनस) से प्रत्येक शनिवार को शाम  17.15 बजे चलकर उक्त मार्ग से  होकर जबलपुर दोपहर 15.10 बजे आएगी। 

Post a Comment

और नया पुराने