गुजरात के मोरबी में एक साल पहले बना केबल पुल टूटा, 35 लोगों की मौत



नई दिल्ली। गुजरात के मोरबी इलाके में माच्छू नदी में केबल पुल टूट गया है। करीब 400 लोग नदी में गिरे हैं। अब तक 35 लोग डूब के मर चुके हैं। कई और लोगों के डूबने की आशंका है। बचाव कार्य जारी है। पुल पर फंसे लोगों का बुरा हाल है। 

कहा जा रहा है कि पुल उस समय गिरा जब करीब 500 लोग सवार थे। मौके पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। करीब 100 लोगों के अभी भी पानी में फंसे होने की आशंका है। इस पुल को 4 दिन पहले मरम्मत के बाद खोला गया था। एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, स्टीमर की टीम को राजकोट, कच्छ से तुरंत मोरबी पहुंचाया जा रहा है। 

इसके साथ ही इस घटना को लेकर विपक्ष ने गुजरात की भाजपा सरकार को निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता रोहन गुप्ता ने अपने ट्वीट में लिखा है, 'गुजरात की डबल इंजन सरकार में भ्रष्टाचार डबल रफ्तार से हो रहा है। मोरबी में मात्र एक साल पुराना केबल पुल टूट गया है। भाजपा ने गुजरात को घोटालों की राजधानी बना दिया है।' 

वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, 'भाजपा भ्रष्टाचार की जनरेटर है। कर्नाटक में 40% गुजरात में 50% इंसान की ज़िंदगी से खिलवाड़ करके कितना कमीशन खाओगे भाजपाईयों?' अपने दूसरे ट्वीट में संजय सिंह लिखते हैं, 'गुजरात में जानलेवा भ्रष्टाचार है। जो पुल 5 दिन पहले बना वो टूट गया 400 लोग नदी में डूब गये अब तक 50 लोगों के मरने की दुःखद सूचना मिली है। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करे। इंसान की ज़िंदगी की कोई क़ीमत नहीं। कभी ज़हरीली शराब तो कभी पुल में भ्रष्टाचार से लोग मर रहे हैं।'

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना पर लिखा है, 'गुजरात से बेहद दुःखद खबर मिल रही है। मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है। भगवान से उनकी जान और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूँ।'

Post a Comment

और नया पुराने