कमलनाथ समेत मध्य प्रदेश के कई नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए किया मतदान, शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग

 

भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री व प्रदेश अध्‍यक्ष कमलनाथ समेत कई नेताओं ने मतदान किया। आज सुबह से पीसीसी के सभागार में वोट डाले जाने शुरू हुए, ऐसे में पीसीसी दफ्तर पहुंचकर मध्यप्रदेश पूर्व मुख्‍यमंत्री व प्रदेश अध्‍यक्ष कमलनाथ, छिंदवाड़ा सांसद नकुल नाथ, वरिष्‍ठ नेता सुरेश पचौरी ने मतदान किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि, जो भी नया अध्यक्ष बनेगा वो कांग्रेस को नई ऊर्जा देगा। मतदान को लेकर प्रतिनिधियों में उत्साह है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज चुनाव हो रहे हैं और मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। मतगणना 19 अक्टूबर को की जाएगी। लंबे समय और विवाद के बाद हो रहे चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर प्रत्याशी हैं। दोनों ने चार-चार मतदान अभिकर्ता नियुक्त किए गए हैं, मतदान के लिए तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार चुनाव के लिए मप्र कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, महेंद्र सिंह चौहान, जेपी धनोपिया और अजय चौघड़िया को मल्लिकार्जुन खडगे का मतदान अभिकर्ता बनाया गया है। वहीं, शशि थरूर के अभिकर्ता प्रदेश सचिव अर्जुन शर्मा, प्रवक्ता जितेन्द्र मिश्रा, संतोष परिहार और भोपाल जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार सिंह बनाए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में निर्वाचन पदाधिकारियों की देखरेख में सुबह से मतदान प्रारंभ है।

Post a Comment

और नया पुराने