सरकारी कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट, पंजाब में पुरानी पेंशन बहाल और 6 फीसदी डीए



चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने अपने कर्मचारियों को दिवाली के मौके पर बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शुक्रवार को कैबिनेट ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने का निर्णय लिया। साथ ही, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को इस साल एक अक्तूबर से छह फीसदी महंगाई भत्ता (डीए) देने का ऐलान किया।

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, कर्मचारियों को पुरानी या मौजूदा पेंशन योजना अपनाने का विकल्प दिया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हमने कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में एक सैद्धांतिक फैसला लिया है। इससे लाखों कर्मचारियों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना के लिए तौर तरीका तय किया जाएगा। वर्ष 2004 में बंद कर दी गई पुरानी पेंशन योजना की बहाली राज्य सरकार के कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में से एक रही है। राज्य सरकार का यह फैसला हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले आया है, जहां आम आदमी पार्टी अपनी किस्मत आजमा रही है और सत्ता में आने पर राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का वादा किया है।

सीएम ने कहा कि कर्मचारियों की मांग अब पूरी हो गई है और यह उनके लिए दिवाली का उपहार है। उन्होंने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हमने जो कहा है, हमें वह पूरा करना है। उन्होंने कहा, ‘हम जो वादे कर रहे हैं, उन्हें पूरा कर रहे हैं।' वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल होने का विकल्प दिया जाएगा। राज्य के आवास एवं शहरी विकास मंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने कर्मचारियों के लाभ के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। पेंशन के फैसले से लाखों कर्मचारियों फायदा होगा।

Post a Comment

أحدث أقدم