नेता जी नहीं रहे, मुलायम सिंह यादव, 82 वर्ष की आयु में निधन



लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अनेक नेताओं ने यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सपा के आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में सपा अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव के हवाले से इसकी जानकारी दी गई।

अखिलेश ने ट्वीट में कहा, ‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।' मुलायम सिंह यादव अगस्त से अस्पताल में भर्ती थे और उन्हें 2 अक्तूबर को निम्न रक्तचाप और ऑक्सीजन की कमी की शिकायत पर अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया था और तब से वह जीवन रक्षक दवाओं पर थे। 

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक ट्वीट में कहा, ‘‘अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्री रहते हुए मेरा मुलायम सिंह यादव जी से कई बार संवाद हुआ। यह करीबी रिश्ता जारी रहा और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था। उनके निधन से मुझे पीड़ा हुई है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।''

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, ‘समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक आदरणीय मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उनकी यादें जुड़ी रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि।' 

मुलायम सिंह यादव का कुछ हफ्तों से स्वास्थ्य बहुत खराब था। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वेंटीलेटर रखा गया था और उन्हें जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही थीं।
  • मुलायम का निधन राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति : कांग्रेस
कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए सोमवार को कहा कि उनका जाना भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है और रक्षामंत्री एवं सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। 

कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘समाजवादी पार्टी के संरक्षक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।’ 

कांग्रेस ने कहा, ‘ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।’ 

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री एवं सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।’

Post a Comment

और नया पुराने