मध्यप्रदेश : सत्ता में आने पर किसानों के कर्ज होंगे माफ, पुरानी पेंशन योजना करेंगे लागू : कमलनाथ



भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दावा किया कि राज्य में एक साल बाद कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी और सरकार बनते ही राज्य के किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा एवं सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी। मध्य प्रदेश में नवंबर 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। छतरपुर के बड़ा मलहरा में जनसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा, ‘हम किसानों के हित में काम करते हैं। जब मैं (18 दिसंबर 2018 से 23 मार्च 2020 में) मुख्यमंत्री था तो मैंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा था कि हमें कागजों को नहीं भरना है किसानों का पेट भरना है।' 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में तब किसानों की कर्ज माफी शुरू की थी उसे शिवराज सिंह चौहान की वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया। 2018 में कांग्रेस ने किसानों के कर्ज माफ करने के चुनावी वादे पर 15 साल के अंतराल के बाद राज्य में सत्ता में वापसी की थी। हालांकि, कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार तत्कालीन कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के वफादारों के विद्रोह के कारण 15 महीने बाद ही मार्च 2020 में गिर गई थी, जो बाद में अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। कमलनाथ ने कहा, ‘‘एक साल बाद कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।'' 

उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए कांग्रेस पार्टी प्रतिबद्ध है। कमलनाथ ने कहा कि जो अधिकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि एक साल बाद जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो जनता हर बात का हिसाब लेगी।

Post a Comment

أحدث أقدم