कांग्रेस संगठन के चुनाव में पार्टी नेताओं में अभूतपूर्व उत्साह...कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में सोनिया गांधी ने किया मतदान

कांग्रेस के अगले अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान के लिये पहुंचीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ  प्रियंका गांधी।


नई दिल्ली। कांग्रेस संगठन के चुनाव में पार्टी नेताओं में अभूतपूर्व उत्साह दिखाया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को पार्टी के अगले अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान आरंभ होने के बाद कहा कि वह इस दिन का लंबे समय से इंतजार कर रही थीं। सोनिया गांधी ने पार्टी मुख्यालय में मतदान किया। उनके साथ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने भी वोट डाला। 

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर मतदान किया। मतदान से पहले सोनिया गांधी ने संवाददाताओं से सवालों के जवाब में कहा, ‘मैं इस दिन का लंबे समय से इंतजार कर रही थी।’ 

पार्टी मुख्यालय में पी. चिदंबरम ने सबसे पहले मतदान किया। उनके बाद पार्टी महासचिव जयराम रमेश, अजय माकन, मुकुल वासनिक, वरिष्ठ नेता अम्बिका सोनी, विवेक तन्खा और कई अन्य लोगों ने मतदान किया। 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में आमने-सामने हैं। इस चुनाव के बाद पार्टी को 24 से अधिक वर्षों में एक गैर-गांधी अध्यक्ष मिलना तय है। कांग्रेस के करीब नौ हजार से अधिक निर्वाचक (डेलीगेट) आज पार्टी प्रमुख चुनने के लिए मतदान करेंगे। कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में छठी बार चुनावी मुकाबला हो रहा है।

पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिये मतदान के इंतज़ार में लगी लंबी लाइन।

  • कमलनाथ एवं उनके बेटे नकुलनाथ ने डाला वोट
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं उनके सांसद बेटे नकुलनाथ ने सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बने मतदान केन्द्र पर अपना मत डाला। चुनाव के परिणाम की घोषणा 19 अक्तूबर को की जाएगी। मध्यप्रदेश के 502 प्रतिनिधियों की इस चुनाव में मतदान करने की उम्मीद है।
  • आंध्र प्रदेश में मतदान
अमरावती। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आंध्र प्रदेश के कुरनूल में सोमवार को मतदान के दौरान उत्साह देखा गया। पार्टी के प्रवक्ता जंगा गौतम ने कुरनूल जिला कांग्रेस कार्यालय में मतदान केंद्र पर सबसे पहले अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एस. शैलजानाथ, कार्यकारी अध्यक्ष एन. तुलसी रेड्डी, शेख मस्तानवली एवं अन्य नेताओं ने मतदान किया। राज्य से प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के करीब 350 सदस्य पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में मतदान करने के पात्र हैं। पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन यहां चुनाव अधिकारी के रूप में कार्य कर रही हैं। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा' की तैयारियों में व्यस्त है, जो मंगलवार को आंध्र प्रदेश में फिर से प्रवेश करेगी। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पीसीसी का मतदान केंद्र कुरनूल में स्थापित किया गया है।
  • गहलोत ने भी किया वोट
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को जयपुर में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में अपना वोट डाला। गहलोत पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे और मतदान किया। गहलोत ने वोट डालते हुए एक तस्वीर भी ट्वीट की। राजस्थान में निर्वाचक (डेलीगेट) यहां जयपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बनाए मतदान केंद्र में मतदान कर रहे हैं। शुरू में वोट करने वालों में काग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्य सचेतक महेश जोशी, मंत्री बीडी कल्ला, विश्वेंद्र सिंह व ममता भूपेश शामिल हैं।
  • उत्तर प्रदेश में मतदान
लखनऊ। कांग्रेस अध्‍यक्ष पद के लिए सोमवार सुबह यहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मतदान शुरू हुआ, जिसमें 1250 निर्वाचक (डेलीगेट) अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में मतदान सोमवार को सुबह 10 बजे शुरू हुआ और अब तक पार्टी के लगभग 300 निर्वाचकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।' उत्तर प्रदेश के 1,250 सहित 9,300 निर्वाचक इस चुनाव में मतदाता हैं। कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में छठी बार चुनावी मुकाबले में दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय और देश भर के 65 से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है।

Post a Comment

और नया पुराने