कुछ राजनीतिक दल गांधी के हत्यारे को आदर्श मान रहे : सूरज जायसवाल

जदयू ने मनाई गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती



जबलपुर। महात्मा गांधी की जयंती पर टाउन हॉल पहुंचकर जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उन्हीं के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। लेकिन एक चिंतनीय विषय है कि यह भारत में इस वक्त महात्मा गांधी के हत्यारों को महिमामंडित करने का प्रयास किया जा रहा है। जनता दल यू उसकी निंदा करता है। और आज जैसा कि आप जानते हैं कि गांधीजी का एकमात्र सपना था कि समाज आगे बढ़े और नशा मुक्त समाज बने। 

जदयू प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने कहा कि देश की आजादी में गांधीजी की अहम भूमिका और देश में हरित क्रांति के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के योगदान को देश का प्रत्येक नागरिक कभी भुला नहीं सकता। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसा राजनीतिक दल जिनका की भारत की आजादी की लड़ाई में कभी कोई योगदान नहीं था, आज वह गांधी के हत्यारे गोडसे को पूजने की बात करते हैं। आज सिर्फ भारत ही नहीं पूरी दुनिया को गांधीवाद और अहिंसावाद  की जरूरत है। जिस भी राज्य या फिर राष्ट्र ने गांधी जी के मूल मंत्र को अपनाया है वह आज तरक्की की राह पर है और जिस राज्य राष्ट्र ने इस मंत्र के विपरीत जाकर काम किया हिंसा को आगे बढ़ाया वह आज गर्त में है। हमें गर्व है कि हम उस दल उस नेता और उस लक्ष्य को लेकर काम कर रहे हैं जो गांधी जी के मूल सिद्धांतों पर कायम हैं।  
  • गांधीवाद को अपनाने में बिहार रोल मॉडल 
उन्होंने कहा कि बिहार में आदरणीय नीतीश जी ने गांधी जी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में आर्थिक क्षति की चिंता किए बगैर शराबबंदी लागू की, महिलाओं को बराबरी का हक देते हुए हर क्षेत्र में महिलाओं को आरक्षण देते हुए आगे आने का अवसर दिया है। दलित पिछड़े अति पिछड़े समाज के लोगों को राजनीतिक सामाजिक और आर्थिक संपन्नता की ओर ले जाने का काम किया है। सामाजिक न्याय देश में लागू हो इसके लिए जातिगत जनगणना को बिहार में लागू किया। गांधीवाद को अपनाने में बिहार रोल मॉडल है। यही तो गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। 

कार्यक्रम में जबलपुर के जिलाध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि गांधी के हत्यारों को और उन हत्यारों को महिमामंडन करने वाले लोगों को देश कभी माफ नहीं करेगा | कार्यक्रम के दौरान जनता दल यूनाइटेड के इमाम खान श्री कोरी, मुस्ताक अली, संजय शुक्ला, सुषमा बेन, ग्लेन पाल, मोहन दुबे, आशीष, रफीक, निलेश सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे । 

Post a Comment

أحدث أقدم