बैक्टीरियल इंफेक्शन से हर साल कई लोगों की मौत, भारत में पांच जीवाणु सबसे घातक, स्टडी में खुलासा

प्रतीकात्मक तस्वीर |

नई दिल्ली। भारत में 2019 में पांच प्रकार के जीवाणुओं- ई कोलाई, एस. निमोनिया, के. निमोनिया, एस. ऑरियस और ए. बाउमानी के कारण करीब 6.8 लाख लोगों की जान गई। ‘द लैंसेट’ द्वारा प्रकाशित एक स्टडी में इसे लेकर दावा किया गया है। विश्लेषण में पाया गया कि कॉमन बैक्टीरियल इंफेक्शन 2019 में मृत्यु का दूसरा प्रमुख कारण थे, और विश्व स्तर पर हर 8 मौतों में से एक इससे संबंधित थी। शोधकर्ताओं ने कहा कि 2019 में 33 कॉमन बैक्टीरियल इंफेक्शन से 77 लाख मौत हुईं, जिनमें अकेले 5 जीवाणु आधे से अधिक मौतों से जुड़े थे।
शोधकर्ताओं के मुताबिक भारत में पांच जीवाणु – ई कोलाई, एस.निमोनिया, के.निमोनिया, एस. ऑरियस और ए. बाउमानी, सबसे घातक पाए गए जिनकी वजह से अकेले 2019 में 6,78,846 (करीब 6.8 लाख) लोगों की जान गई।
स्टडी में बड़ा दावा
अध्ययन के अनुसार, ई कोलाई सबसे घातक था जिसके चलते भारत में 2019 में 1,57,082 (1.57 लाख) लोगों की जान गई। वैश्विक तौर पर बैक्टीरियल इंफेक्शन 2019 में मृत्यु के प्रमुख कारण के रूप में इस्केमिक हृदय रोग के बाद दूसरे स्थान पर था। शोधकर्ताओं ने कहा कि अधिक क्लिनिकल लेबोरेटरी कैपेसिटी के साथ मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों का निर्माण, नियंत्रक उपायों को लागू करना और एंटीबायोटिक के उपयोग को कस्टमाइज करना कॉमन बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण होने वाली बीमारी के बोझ को कम करने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि जीवाणुओं से संबंधित मौत के 77 लाख मामलों में से 75 प्रतिशत की मौत तीन सिंड्रोम – लोअर रेसपिरेटरी इंफेक्शंस (एलआरआई), ब्लडस्ट्रीम इंफेक्शंस (बीएसआई) और पेरिटोनल एंड इंट्रा एब्डोमिनल इंफेक्शंस (आईएए) – के कारण हुई।

Post a Comment

أحدث أقدم