दूल्हे मियां दहेज में मांगने लगे बुलेट गाड़ी, बिना दुल्हन के लौट गयी बारात



गुना। मुस्लिम परिवार में दूल्हे मियां दहेज में बुलेट गाड़ी मांगने लगे, दहेज न मिलने पर बारात बिना दुल्हन के लौट गयी। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि निकाह पढ़े जाने के बाद भी लड़के वाले विदाई करके दुल्हन नहीं ले गए। लड़के वालों ने दहेज की मांग कर दी। वे बुलेट गाड़ी और पैसे मांगने लगे। लड़की के पिता बोले- ऐन वक्त पर पैसे कहां से लाते। दूल्हा पक्ष ने लड़की वालों पर हमला बोल दिया। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची, तो लड़के वाले भाग खड़े हुए।
राघोगढ़ की रहने वाली लड़की की शादी उमर राइन नाम के लड़के से तय हुई थी। उमर कर्नलगंज का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक करीब 3 महीने पहले दोनों की सगाई हुई थी। शादी का कार्यक्रम गुना के श्रीराम मैरिज गार्डन में हो रहा था। यहां बारात लगाई गई निकाह भी पढ़वा लिया गया। इसके बाद लड़के की मां और पिता दहेज की मांग पर अड़ गए। लड़के के परिवार वाले शादी की सारी व्यवस्थाओं में खामियां निकालने लगे। इसके बाद लड़के ने 50 हजार रुपए की डिमांड की। उसके परिवार वाले बुलेट गाड़ी और सोने-चांदी के गहने मांगने लगे।
  • दहेज की मांग पर अड़े लड़के वाले 
लड़की के पिता ने कहा-तुरंत इन चीजों की व्यवस्था कहां से होगी। लड़की के पिता मजदूरी करते हैं। बमुश्किल घर चल पाता है। इसके बाद लड़के वाले बोले इतना पैसा तो देना ही पड़ेगा। नहीं तो हम विदाई नहीं कराएंगे। विवाद बढ़ा तो लड़के वालों ने लड़की के भाई पर हमला कर दिया। उसकी गाड़ी तोड़ दी। झगड़ा होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो लड़के वाले बिना दुल्हन लिए भाग निकले। लड़की के परिजन ने इसकी शिकायत गुना कोतवाली थाने में की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

और नया पुराने