नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के जानकार वेदप्रताप वैदिक



नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विशेषज्ञ वेदप्रताप वैदिक का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 78 साल के थे। बुधवार 15 मार्च को सुबह 9 से 1 बजे तक उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास स्थान गुरुग्राम में रखा जाएगा। अंतिम संस्कार लोधी शवदाह गृह, नई दिल्ली में बुधवार, शाम 4 बजे किया जाएगा। उनके निजी सहायक मोहन ने यह जानकारी दी। 
उन्होंने बताया कि वैदिक सुबह गुरुग्राम स्थित अपने घर में करीब साढ़े नौ बजे के आसपास शौचालय गए थे और वह वहीं बेहोश हो गए। शौचालय का दरवाजा तोड़ कर उन्हें बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व वैदिक पूरी तरह स्वस्थ थे और कल भी वह दिल्ली गए थे। डाक्टरों ने दिल का दौरा पड़ने को मृत्यु का संभावित कारण बताया है। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो गया था। 
वैदिक प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) की हिंदी समाचार एजेंसी 'भाषा' के लगभग दस वर्षों तक संस्थापक-संपादक रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘श्री वेदप्रताप वैदिक जी एक प्रखर पत्रकार एवं स्तंभकार थे जो अपनी लेखनी से समसामयिक विषयों पर अपनी बेबाक़ राय रखते थे। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर भी उनकी गहरी पकड़ थी। उनके निधन से हिंदी पत्रकारिता में एक रिक्तता आयी है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएँ। ॐ शांति।'

Post a Comment

أحدث أقدم