'मुख्यमंत्री बोम्मई ने लूटा 1.5 करोड़ रुपया', भाजपा से इस्तीफा देने वाले विधायक नेहरू ओलेकर ने लगाया आरोप


बेंगलुरु | भाजपा के लिए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में टिकट कटने से नाराज विधायक भारी परेशानी खड़ी करते जा रहे हैं। शुक्रवार की सुबह में कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री और अथानी विधानसभा क्षेत्र से टिकट न मिलने के कारण नाराज लक्ष्मण सावदी ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। वहीं अब हवेरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट गंवाने वाले वाले मौजूदा विधायक नेहरू ओलेकर ने सीधे मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पर निशाना साधा है और उन पर करोड़ों रुपये के गबन का बेहद सनसनीखेज आरोप लगा दिया है।

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट से वंचित रहने वाले हवेरी के विधायक नेहरू ओलेकर ने भाजपा से इस्तीफा देने के बाद मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ड्रिप सिंचाई परियोजना में 1.5 करोड़ रुपये लूटा है। समाचार वेबसाइट डेक्कन हेराल्ड के अनुसार भाजपा द्वारा टिकट से वंचित किए जाने के एक दिन बाद विधायक नेहरू ओलेकर ने कहा कि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने उनके शिगगांव निर्वाचन क्षेत्र में स्प्रिंकलर सिंचाई परियोजना में 1,500 करोड़ रुपये का गबन किया है।

इसके साथ ही विधायक नेहरू ने यह आरोप भी लगाया कि उनका टिकट केवल और केवल मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के कहने पर काटा गया है। सीएम पर गबन के आरोप से सिलसिले में उन्होंने कहा, "स्प्रिंकलर सिंचाई परियोजना फेल है। शिगगांव जिले के किसानों को एक भी पाइप नहीं मिला। यह परियोजना किसानों के लिए किसी काम की नहीं थी। इसमें केवल रुपयों का गबन किया गया है।"

ओलेकर ने विपक्षी दल कांग्रेस के सुर में सुर मिलाते हुए कहा, "मुख्यमंत्री बोम्मई 40 फीसदी कमीशन एजेंट हैं। उनकी वजह से पार्टी के कई लोगों का टिकट कटा है, कई लोगों को झटका लगा है। उन्होंने आलाकमान से केवल अपने सर्कल के लोगों को देना पक्का किया और इस कारण पार्टी को बेहद घातक परिणाम झेलने होंगे।"

वहीं अगर हवेरी विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो भाजपा द्वारा नेहरू ओलेकर का टिकट काटकर गविसिद्दप्पा दिमन्नावर को दिये जाने के ऐलान से हवेरी कस्बे में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है और विधायक ओलेकर के समर्थक खुले तौर पर भाजपा के इस फैसले के खिलाफ तीखा विरोध जता रहे हैं। 

Post a Comment

और नया पुराने