'हँसता जोकर' राजगीरा आटे ने रुलाया, एक परिवार के 12 लोग उल्टी-दस्त के शिकार, फैक्ट्री सील



उज्जैन। शुक्रवार देर रात जिला अस्पताल में उल्टी दस्त के शिकार नलिया बाखल में रहने वाले एक ही परिवार के 12 सदस्यों को भर्ती कराया गया है। मालवीय परिवार में शुक्रवार के उपवास पर राजगिरे के आटे की पूड़ियां बनाकर खाने के बाद एक के बाद एक परिवार के सभी सदस्यों को उल्टी दस्त होने लगे थे। पड़ोसियों के सहयोग से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आटे की फैक्ट्री को सील किया है साथ ही शहर भर में सैंपलिंग की जा रही है। 
  • फलाहार में खाईं राजगिरे के आटे की पूड़ियां
शहर के नलिया बाखल क्षेत्र में मुकेश मालवीय मूर्ति बनाने का काम करते हैं और उनका परिवार शुक्रवार का व्रत रखता है। व्रत होने पर सभी लोगों ने रात में फलाहार के रूप में राजगिरे के आटे की पूड़ियां बनाकर खाई थी। इसके सेवन के बाद सभी सदस्यों को घबराहट के बाद उल्टियां होने लगी। हालत बिगड़ती देख मुकेश सहित मंजू बाई, सचिन, चेतन सहित 12 सदस्यों को पड़ोसियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जिला अस्पताल में एक सदस्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। 
  • सभी में फूड पॉजनिंग के लक्षण
डॉ. भोजराज शर्मा के अनुसार एक ही परिवार के 12 सदस्यों को अस्पताल लाया गया था। दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। शेष को भर्ती कर उनका रात भर उपचार किया गया। 4 को छोड़कर बाकी को शनिवार सुबह छुट्टी दे दी गई। शेष को शाम को छुट्टी दे दी गई। प्राथमिक स्तर पर यही सामने आया कि राजगिरे के आटे का सेवन सभी ने किया था। सभी में फूड पॉजनिंग के लक्षण सामने आए हैं। घटना के बाद शनिवार को सुबह खाघ एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित परिवार से जानकारी ली और मक्सीरोड़ स्थित हंसता जोकर आटा फैक्ट्री को सील किया है। 
  • कहीं नहीं मिला हँसता जोकर राजगीरा आटा
खाद्य सुरक्षा विभाग प्रभारी अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि प्रभावित परिवार मरीजों के परिजनों द्वारा बताया गया कि कुल 08 पैकेट हँसता जोकर राजगिरा आटा था, जिनमें से 06 पैकेट राजगीरा आटा का सेवन परिवार ने कर लिया था। 02 पैकेट खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा जांच हेतु जप्त कर लिये गए। मरीजों के परिजनों द्वारा बताया कि उक्त राजगीरा आटा राजेन्द्र किराना नलिया बाखल से क्रय किया गया है। मरीजों की निशानादेही पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी नलिया बाखल स्थित राजेन्द्र किराना स्टोर पर पहुँचे। जहाँ पास में रहने वाले मरीजों के परिजनों को बुलाया गया। मौके पर हँसता जोकर राजगीरा आटा नहीं पाया गया। राजेन्द्र किराना स्टोर से बताया गया कि उक्त फरियाली आटा मंयक ट्रेडर्स फव्वारा चौक से क्रय किया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मंयक ट्रेडर्स पर जाकर जांच की गई। जिसमें मौके पर हँसता जोकर राजगीरा आटा नहीं पाया गया।
  • लोक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फैक्ट्री सील
मौके पर स्वामीनारयण फरियाली आटा जांच हेतु नमूना लेकर मौके पर कुल 22 किलोग्राम स्वामीनारायण फरियाली आटा को जप्त किया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा हसँता जोकर के निर्माण ईकाई (फैक्ट्री) मालवा मसाला उद्योग मक्सी रोड़ उघोगपुरी पर जाकर तहसीलदार के साथ जांच की गई। मौके पर 200 ग्राम के कुल 3000 पैकेट कुल 600 किलोग्राम एवं पिसने के लिये रखा राजगीरा कुल 1909 किलो 300 ग्राम राजगीरा (खड़ा) पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा राजगीरा 200 पैक आटा के नमूने लिये जाकर शेष 3000 किलोग्राम राजगीरा आटा को जप्त कर दिया गया। लोक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फैक्ट्री को सील किया गया।

Post a Comment

और नया पुराने