जबलपुर रेल मंडल को 4254 करोड़ की आय, कई नई यात्री गाड़ियां प्रारम्भ : विवेकशील



जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल को 4254 करोड़ की आय, कई नई यात्री गाड़ियां प्रारम्भ करने, यात्री सुविधाओं में इजाफा और अधोसंरचना निर्माण से जबलपुर रेल मंडल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यह जानकारी पत्रकार वार्ता में मंडल रेल प्रबंधक विवेकशील ने दी। 

उन्होंने बताया कि जबलपुर रेल मंडल में इस समय 111 स्टेशन है जो कि 06 श्रेणियों में विभाजित हैं। जिसमें से जबलपुर स्टेशन मंडल का एनएसजी 2 श्रेणी का है, जिसका निर्धारण एक वर्ष में 100 से 500 करोड़ रूपये के बीच कि आय तथा एक से दो करोड़ यात्रियों की संख्या के आधार पर किया गया है। 

जबलपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में यात्री आय में 780 करोड़ तथा मालभाड़ा लादान से 3325 करोड़ रूपये इस तरह कुल 4254 करोड़ रूपये की आय अर्जित की है जो कि गत वर्ष कि तुलना से 34 प्रतिशत अधिक हैं। इसी तरह मंडल के खान-पान लायसेंसी से आय 937 लाख, पार्किंग से 448 लाख तथा नान फेयर रेवेन्यू से आय 1021 लाख अर्जित की है।
  • पांच नये ओवर ब्रिज और आठ नये फुट ओवर ब्रिज का निर्माण : दीपक कुमार गुप्ता
एडीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि मंडल के वित्त विभाग ने वित्तीय जांच से 183 करोड़ रूपये कि बचत की है। अधोसंरचना के विकास के तहत पांच नये ओवर ब्रिज तथा आठ नये फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। इसी तरह पिछले एक वर्ष में आठ नई यात्री गाड़ियां प्रारम्भ हुईं, जिसमें 24 अप्रैल को रीवा से चलकर जबलपुर होकर सिवनी, छिंदवाड़ा मार्ग से इतवारी जाने वाली यात्री गाड़ी नं. 11756/55 प्रमुख है। इसी तरह यात्री सुविधाओं के लिए 17 जोड़ी यात्री गाड़ियों में 6 जनरल तथा 21 वातानुकूलित कोचों की स्थाई वृद्धि की गई है।
  • यात्रियों के बीमार होने पर मिली चिकित्सा सुविधा : सीनियर डीसीएम विश्व रंजन
सीनियर डीसीएम विश्व रंजन ने कहा कि मंडल में यात्री सुविधाओं के लिए 13 स्टेशनों पर कोच गाइडेंस सिस्टम 9 स्टेशनों पर रिटायरिंग रूम 24 में पार्किंग सुविधा, 11 में 257 सीसीटीवी के साथ सुरक्षा तथा 7 स्टेशनों पर आँचल कक्ष बनाये गए है। यात्रियों की त्वारित शिकायत के लिए एक वर्ष मे 42580 शिकायतों, सुझावों का निराकरण शिकायत मिलने के 52 मिनट के अंदर किया गया हैं। इसी तरह 2357 यात्रियों को यात्रा के दौरान बीमार होने पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई हैं। 

मंडल द्वारा स्वच्छता, खान-पान, गाड़ियों के समय पर परिचालन आदि पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर डीसीएम सुनील श्रीवास्तव, एसीएम नितेश सोने, पंकज दुबे, गुन्नार सिंह भी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post