कांग्रेस में था भ्रष्टाचार, इसके कई नेता गये जेल, भाजपा का दामन साफ: राजनाथ



यमुनानगर/हरियाणा | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर गुरुवार को हमला बोलते हुए कहा कि इनके शासनकाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला था, जिसके कारण कई नेताओं को जेल की हवा खानी पड़ी, जबकि भाजपा का दामन साफ है।
हरियाणा में जगाधरी अनाज मंडी में आयोजित ‘भारत गौरवशाली रैली‘ में जनता को सम्बोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में कई घोटाले हुए और इसके कई नेताओं को जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार में किसी भी नेता पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। 
  • भाजपा सरकार ने अपने सभी वादे पूरे किये
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किये अपने सभी वादे अक्षरश: पूरे किये हैं। पहले जनता से वादे तो किए जाते थे, लेकिन पूरे नहीं किये जाते थे। जनसंघ के दिनों की याद ताजा करते हुए उन्होंने कि जब वह इस संगठन के काम कर रहे थे तब भी जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त करने की बात की थी और जब-जब देश में चुनाव हुए तो इस वादे को घोषणा पत्र में शामिल किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने तथा संसद के दोनों सदनों में भाजपा का बहुमत आने पर इसे भी पूरा कर दिया।
  • पाकिस्तान को उसकी धरती पर सबक सिखाया 
केंद्र सरकार की नौ साल की उपलब्धियां गिनाते श्री सिंह ने पुलवामा हमले तथा इसके बाद पाकिस्तान में की गई एयर स्ट्राइक का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों पर पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला किया तो श्री मोदी ने तुरंत बैठक की और दस मिनट में ही फैसला कर लिया गया कि पाकिस्तान को उसकी धरती पर सबक सिखाएंगे। सरकार ने अपने इस फैसले पर अमल करते हुए पाकिस्तान के अंदर जाकर आतंकियों का सफाया करने जैसी साहसिक कार्रवाई की। ऐसा करके भारत ने दुनिया को एक ठोस संदेश दिया है कि वह अब कमजोर नहीं है और घर में घुसकर भी मार सकता है। चीन के साथ सीमा पर हुई झड़पों को लेकर उन्होंने कहा कि अपने जवानों ने शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए चीनी सैनिकों के दुस्साहस को नेस्तनाबूत कर दिया।
  • भ्रष्टाचार को काम करने में कुछ हद तक मिली कामयाबी
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आजाद भारत में नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने की वजह से लोगों का नेताओं, राजनीति और सरकारों पर विश्वास में गिरावट हो रही थी तथा विश्वास के इस संकट को भाजपा ने चुनौती के रूप में स्वीकार किया तथा जो कहा था उसे पूरा किया। भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने कहा कि इसे पूरी तरह से समाप्त करना सामान्य काम नहीं है, लेकिन वह दावे के साथ कह सकते हैं कि भाजपा ने इस पर कुछ हद तक कामयाबी हासिल की है। कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि 2014 से पहले इसकी सरकार थी और उस दौरान इस पर अनेक घोटालों के आरोप लगे। इसके मंत्रियों को जेल जाना पड़ा लेकिन भाजपा के एक भी नेता के दामन पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है | 
  • केंद्र सरकार ने सांस्कृतिक विरासत को बचाने का काम किया
रक्षा मंत्री कहा, “केंद्र में हमारी सरकार ने सांस्कृतिक विरासत को बचाने का काम किया है। पुरानी विरासतों को भव्य स्वरूप देने का काम भी सरकार ने किया है। राम मंदिर के बारे में भी घोषणा पत्र में कहा था कि संसद में बहुमत मिलने पर अयोध्या की धरती पर भव्य मंदिर बनाएंगे। वह दिन अब आ गया है। आगामी 24 जनवरी के बाद किसी भी समय राम लला द्वारपाट खुलेंगे और श्रद्धालु शीश झुका दर्शन कर सकेंगे। देश में ऐसे अनेक प्राचीन मंदिर हैं तथा इन सांस्कृतिक विरासतों को भव्य रूप देने का काम हमारी सरकार ने किया है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, महाकाल मंदिर जहां भी चले जाए। वहां पर बदला हुआ स्वरूप मिलेगा।”

Post a Comment

और नया पुराने