मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, 26 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति का गठन


भोपाल। भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई ने प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए 26 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया है। शनिवार रात घोषित की गई इस समिति में पांच आमंत्रित सदस्य भी शामिल हैं।
भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया, “केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को इस समिति का संयोजक बनाया गया है। उनके नेतृत्व वाली इस समिति में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल हैं।”
प्रवक्ता के मुताबिक, समिति के अन्य सदस्यों में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, तीन केंद्रीय मंत्री-ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते एवं प्रह्लाद पटेल और मध्य प्रदेश के चार कैबिनेट मंत्री-नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह शामिल हैं। प्रवक्ता ने बताया कि समिति के पांच आमंत्रित सदस्यों में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश में पार्टी के चुनाव सह-प्रभारी अश्विनी वैष्णव, मध्य प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और मध्य प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शामिल हैं।
भाजपा ने शनिवार रात विधानसभा चुनाव के लिए 19 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति की भी घोषणा की। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री जयंत मलैया को इस समिति का प्रमुख बनाया गया है, जबकि प्रभात झा सह-प्रमुख होंगे। बता दें कि मध्यप्रदेश में इस बार आम आदमी पार्टी ने भी राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। कांग्रेस भी अपनी तैयारियों में जुटी है इसलिए विधानसभा चुनावों पर सबकी नजर है। 

Post a Comment

और नया पुराने