मूल्य आधारित शिक्षा समय की मांग

मूल्य आधारित शिक्षा के उद्देश्य एवं प्रभाव विषय पर ऑन लाइन वेबिनार आयोजित

जबलपुर | शासकीय मानकुंवर बाई कला एवं वाणिज्य स्वशासी महिला महाविद्यालय में ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया गया। यह वेबिनार उच्च शिक्षा विभाग म.प्र. शासन द्वारा प्रायोजित और महाविद्यालय के आईक्यूएसी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया गया। वेबिनार के मुख्य अतिथि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कपिलदेव मिश्र  उच्च शिक्षा विभाग जबलपुर संभाग के अतिरिक्त संचालक मुख्य संरक्षक डॉ. संतोष जाटव एवं जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष मुख्य संरक्षक योगेन्द्र सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। 
मुख्य वक्ता के रूप में आईजीटी एवं एमएस विश्वविद्यालय, अरूणाचल प्रदेश के संस्थापक कुलाधिपति प्रो. प्रियरंजन त्रिवेदी ने अपने विचार मूल्यपरक शिक्षा की आवश्यकता पर केन्द्रित करते हुए मूल्यों एवं कौशल के मध्य विभिन्न उदाहरणों से सह संबंध स्थापित करते हुए मानव विकास की प्रकिया को रेखांकित किया। उन्होंने पर्यावरण पारिस्थितकीय के परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा एवं मानव व्यवहार में मानवीय मूल्यों की पुर्नस्थापना करने के व्यवहारिक सुझाव प्रदान किए।
गांधी पीस डिपार्टमेंट शोध केन्द्र गुजरात विद्यापीठ अहमदाबाद के प्रो. सुरेन्द्र पाठक  ने अपने विचार प्राचीन शिक्षा पद्धति के मूल्य एवं वर्तमान परिदृश्य में उसकी प्रासंगिकता विषय पर केन्द्रित करते हुए ज्ञान, विवेक, बुद्धि और चेतना को सह संबंधित किया। तथा प्राचीन ग्रंथों के कई उदाहरणों को प्रस्तुत करते हुए मानव चेतना एवं सह अस्तित्व में निहित मानवीय मूल्यों को चिन्हित किया। इसके साथ ही आपने मानव मूल्य आधारित शिक्षा के विभिन्न उपान्गों की विस्तृत व्याख्या की। 


स्कूल ऑफ रबर प्लास्टिक, पालिमर विज्ञान और प्रौद्योगिकी फैकल्टी ऑफ साइंसस्कोप ग्लोबल स्किल्स यनिवर्सिटी, भोपाल के डॉ. विनोद कुमार गुप्ता ने अपने व्याख्यान में वैज्ञानिक चेतना एवं व्यवहार में मूल्य आधारित शिक्षा को सह संबंधित करते हुए वर्तमान संदर्भो में विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से मूल्य एवं शिक्षा के बीच पारस्परिक निर्भरता को विश्लेषित किया।
वेबिनार की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या चौबे ने की। उन्होंने कहा कि  शैक्षणिक प्रबुद्धता तथा प्रशासनिक क्षमता में मानवीय मूल्यों को रेखांकित करते हुए मूल्य आधारित शिक्षा की वृह्त आवश्यकता पर जोर दिया।
वेबिनार के समन्वयक डॉ. ब्रह्मानंद त्रिपाठी, सह संयोजक डॉ. मनोज प्रियदर्शन, सचिव डॉ. कविता चतुर्वेदी, सह सचिव डॉ. सुनीता सोनी एवं अन्य सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कविता चतुर्वेदी और डॉ. सुनीता सोनी ने किया। वेबिनार में यूट्यूब एवं गूगल मीट के माध्यम से 240 सदस्यों ने भाग लिया।
   


Post a Comment

और नया पुराने