सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वाला शरद यादव जैसा दूसरा कोई नहीं : सूरज जायसवाल


शरद यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके योगदान को किया याद 
जबलपुर/अक्षर सत्ता। जनता दल यू मध्य प्रदेश ने जबलपुर स्थित सदर कार्यालय में पूर्व एनडीए संयोजक  और पूर्व केंद्रीय मंत्री जबलपुर हितैषी समाजवादी नेता शरद यादव की प्रथम पुण्यतिथि मनाई। इस अवसर पर जनता दलों के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए हमेशा संघर्ष करने वाला शरद यादव जैसा व्यक्ति इस देश में दूसरा नहीं हो सकता है। शरद यादव अपने आप में विचारों की एक पूरी संस्था थे। छात्र जीवन से ही उन्होंने जनहित के लिए संघर्ष किया। आज जबलपुर को जो भी बड़ी उपलब्धि मिली है, वह सब शरद यादव की ही देन है। जबलपुर उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता। रेलवे जोन ट्रिपल आईआईटी, जबलपुर का डुमना एयरपोर्ट का कायाकल्प, जबलपुर से दिल्ली सीधी रेल सुविधा, ब्रॉडगेज, एफसीआई का गोदाम ऐसी अनेक बड़ी उपलब्धियां, जिनके कारण जबलपुर आज पहचाना जाता है। यह सब शरद यादव और जनता दल यू की ही देन है। जबलपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान उनके कारण ही मिली।  इसलिए शरद जी की प्रतिमा जबलपुर में स्थापित हो, इसके लिए जनता दल यू संघर्ष करेगा ताकि आने वाली पीढ़ी जबलपुर की उपलब्धियां में शरद जी के योगदान को पहचान सके। 


इस अवसर पर श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर सीहोर की पीठ धीश्वर डॉ. चारू चंद्र व्यास ने भी समाजवादी नेता शरद यादव और उनके योगदान पर अपने विचार रखे। जदयू के जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने शरद जी के छात्र जीवन के संघर्ष को याद किया। मोहन दुबे, मिथिलेश यादव, कुमार व्यास, पुष्पांजलि तिवारी, उज्जैन अवंतिका मुक्त तीर्थ पुरोहित पंडित रूपम जोशी, कंचन चौधरी, मुश्ताक अली व जदयू के अन्य कार्यकर्ताओं ने शरद यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

Post a Comment

और नया पुराने