भाजपा की पहली सूची में 195 लोकसभा उम्मीदवार घोषित



जबलपुर से आशीष दुबे, मंडला से कुलस्ते, विदिशा से पूर्व सीएम शिवराज सिंह
नई दिल्ली। भाजपा ने 18वीं लोकसभा के चुनावों के लिए शनिवार को 195 उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित की। जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित 34 कैबिनेट एवं राज्य मंत्रियों, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं।
  • मध्यप्रदेश के 24 प्रत्याशी घोषित, शिवराज को भी मिला टिकट
भाजपा ने मध्यप्रदेश से लोकसभा की कुल 29 सीटों में से 24 पर आज शाम प्रत्याशी घोषित कर दिए, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदिशा से टिकट दिया है।
इसके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को खजुराहो संसदीय सीट से एक बार फिर से प्रत्याशी बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान विदिशा संसदीय सीट का पहले भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और वर्तमान में वे बुधनी क्षेत्र से विधायक हैं। रोचक बात है कि उनके समर्थक पूर्व महापौर आलोक शर्मा को भोपाल से प्रत्याशी बनाया गया है। मौजूदा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का टिकट काट दिया गया है। श्री चौहान के एक अन्य समर्थक दर्शन सिंह चौधरी को होशंगाबाद से टिकट दिया गया है।
भाजपा ने मुरैना से शिवमंगल सिंह तोमर को, भिंड (अजा) से श्रीमती संध्या राय, ग्वालियर से भारत सिंह कुशवाह, गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सागर से श्रीमती लता वानखेड़े, टीकमगढ़ (अजा) से वीरेंद्र खटीक, दमोह से राहुल लोधी, सतना से गणेश सिंह, रीवा से जनार्दन मिश्रा, सीधी से डॉ. राजेश मिश्रा और शहडोल (अजजा) से श्रीमती हिमाद्री सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है।

जबलपुर से आशीष दुबे, मंडला (अजजा) से फग्गन सिंह कुलस्ते, राजगढ़ से रोडमल नागर, देवास (अजा) से महेंद्र सिंह सोलंकी, मंदसौर से सुधीर गुप्ता, रतलाम (अजजा) से श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान, खरगोन (अजजा) से गजेंद्र पटेल, खंडवा से ज्ञानेश्वर पाटिल और बैतूल (अजजा) से दुर्गादास उइके पर दाव लगाया गया है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी की मौजूदगी एवं भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में विगत 29 फरवरी को पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में रात भर चली पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को स्वीकृति दी गयी थी। भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े और पार्टी के उपाध्यक्ष बैजयंत पाण्डा ने भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में इन नामों की घोषणा की और कहा, जनता के आशीर्वाद से लगातार तीसरी बार भी पिछले दो बार से अधिक बहुमत से जन जन की आकांक्षा पूरी करने वाली सरकार फिर से बनेगी। देश भर में आवाज आ रही है कि फिर एक बार मोदी सरकार।

श्री तावड़े ने कहा कि ये 195 सीटें 16 राज्यों एवं दो केन्द्र शासित प्रदेशों से हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीसरी बार वाराणसी से उम्मीदवार होंगे। गृह मंत्री अमित शाह गांधीनगर से, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला राजस्थान की कोटा सीट से और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से पुन: उम्मीदवार होंगे। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदिशा से उतारा गया है जहां वह पहले भी सांसद रह चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस सूची में 34 केन्द्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री शामिल हैं। सूची में 28 महिलाएं, 50 वर्ष से कम आयु के 47 युवा, अनुसूचित जाति के 27 और अनुसूचित जनजाति के 18 तथा अन्य पिछड़े वर्ग के 57 उम्मीदवार शामिल हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि राज्यवार सूची में उत्तर प्रदेश की 51, पश्चिम बंगाल की 26 , मध्य प्रदेश की 24, गुजरात की 15, राजस्थान की 15, केरल की 12, तेलंगाना की नौ , असम की 11, झारखंड की 11, छत्तीसगढ़ की 11 , दिल्ली की पांच, जम्मू कश्मीर की दो, उत्तराखंड की तीन, गोवा, अंडमान-निकोबार और दमन-दीव की एक-एक सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किये गये हैं।
  • मीनाक्षी लेखी, डॉ. हर्षवर्धन, जयंत सिन्हा, साध्वी प्रज्ञा भारती के टिकट
केन्द्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन एवं जयंत सिन्हा, साध्वी प्रज्ञा भारती के टिकट काटे गये हैं। दिवंगत पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की पुत्री सुश्री बांसुरी स्वराज को उतारा गया है। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनकी पारंपरिक सीट गुना शिवपुरी से टिकट दिया गया है जबकि केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को अलवर से उम्मीदवार बनाया गया है।

Post a Comment

أحدث أقدم