ओबीसी महागठबंधन के 30 दल करेंगे इंडिया समूह का समर्थन



नई दिल्ली। ओबीसी भारतीय महागठबंधन से जुड़े 30 राजनीतिक पार्टियों ने शुक्रवार को विपक्षी दलों के इंडिया समूह को समर्थन देने का एलान कर दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में श्री खड़ग़े के आवास पर हुई बैठक के बाद ओबीसी भारतीय महागठबंधन के संयोजक राजकुमार सैनी ने यह एलान किया। कांग्रेस के हरियाणा एवं दिल्ली के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया भी इस दौरान मौजूद थे।
श्री खड़ग़े ने बैठक के बाद यहां आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को देखकर और उनके विचारों से प्रेरित होकर श्री सैनी ने कांग्रेस का साथ देने का निर्णय लिया और बिना शर्त इंडिया समूह को समर्थन देने का ऐलान कर दिया।
श्री राहुल गांधी ने कहा,“देश में भागीदारी आज सबसे बड़ा मुद्दा है। यात्रा में कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की बात की और पार्टी का अगला क्रांतिकारी कदम जातिगत जनगणना तथा आर्थिक सर्वेक्षण है। इससे ये पता चल जाएगा कि 90 प्रतिशत आबादी की देश में क्या भागीदारी है। मुझे ख़ुशी है कि हम सब एक साथ ये लड़ाई लड़ने जा रहे हैं।”
श्री सैनी ने कहा,“हम सभी राजनीतिक दल एक ही बात कह रहे थे कि हमें हमारी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। श्री गांधी ने जातिगत जनगणना और आर्थिक सर्वे के आधार पर लोगों को न्याय दिलाने की आवाज बुलंद की है और इसीलिए ओबीसी भारतीय महागठबंधन, इंडिया समूह को समर्थन दे रहा है। हम देश में सभी को बराबरी का हक देने को प्रतिबद्ध हैं।”

Post a Comment

और नया पुराने