अपराध नियंत्रण के लिए हमेशा अलर्ट पर रहे पुलिस: सीएम डॉ. यादव


प्रदेश में सफल लोकसभा निर्वाचन के लिए पुलिस की सराहना की 

भोपाल। सीएम डॉ. मोहन यादव ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर निर्देश दिए। सीएम ने लोकसभा निर्वाचन के सभी चरणों की प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से पूर्णता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस बल को बधाई दी। सीएम डॉ. यादव ने अपराधों पर नियंत्रण के लिए हमेशा अलर्ट रहने को कहा। उन्होंने सख्ती और सजगता के साथ बड़े कार्यक्रमों एवं आयोजनों की दृष्टिगत आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने पर विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्कूल-कॉलेज परिसर में सद्भाव का वातावरण बना रहे, इसके लिये हरसंभव आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। संभाग स्तर पर कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों को सौंपे गए दायित्व और भूमिका की समीक्षा की जाए। आने वाले माह में त्योहारों के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। सीएम डॉ. यादव ने अशोकनगर एसपी पर अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने थाना प्रभारी इछावर को भी निलंबित करने के लिये कहा है।

  • सतत निरीक्षण करें अधिकारी

सीएम डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में रात्रि विश्राम और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिये अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिस बल से संवाद करते रहें। सीएम डॉ. यादव ने हाल ही में अशोकनगर में कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा शस्त्र लहराने की घटना के संदर्भ में कहा कि अपराधियों में पुलिस का खौफ होना चाहिए। दोषियों को बिलकुल भी नहीं बख्शा जाये। पुलिस की कार्रवाई तत्काल होना चाहिए। 

  • सोशल मीडिया पर दें अपराध नियंत्रण की जानकारी 

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान समय सोशल मीडिया का है। आमजन को अपराध नियंत्रण की जानकारी भी निरंतर मिलना चाहिए। अपराधिक घटनाओं के वीडियो प्रचारित होते हैं। साथ ही पुलिस बल द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए की गई आवश्यक कार्रवाई को भी तत्परता से सोशल मीडिया पर प्रचारित एवं प्रसारित करना चाहिए। पुलिस कार्रवाई की जानकारी जन-जन तक पहुंचना चाहिए।

  • पुलिस अधिकारियों को दी बधाई

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन-2024 में मध्यप्रदेश में चारों चरण में निर्वाचन प्रक्रिया निर्बाध रूप से सम्पन्न हुई। उन्होंने इसके लिए पुलिस बल और अन्य शासकीय सेवकों की सराहना करते हुए बधाई दी। बैठक में बताया गया कि 6 माह में विभिन्न तरह के अपराधों में 10 से 15% की कमी आई है।

Post a Comment

और नया पुराने