वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या



दरभंगा | विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की आज दरभंगा जिले के बिरौल अनुमंडल में अफजल्ला पंचायत के सुपौल बाजार स्थित उनके पैतृक घर में हत्या हो गई। दरभंगा जिले के बिरौल स्थित उनके आवास पर मंगलवार सुबह क्षत-विक्षत हालत में उनकी लाश मिली है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों का कहना है कि अपराधियों ने धारदार हथियार से वारकर हत्या की है। घर पर सारे सामान बिखरे पड़े हैं। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी मामले की जांच कर रहे हैं।

  • मुकेश सहनी घर पर नहीं थे

महागठबंधन के घटक दल वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी को अपने पिता की हत्या की जानकारी दूसरों से मिली। वह मुंबई स्थित अपने कार्यस्थल पर थे, जहां उन्हें कॉल पर इसकी सूचना दी गई। घटना से आहत मुकेश सहनी मुंबई से दरभंगा के लिए निकल चुके हैं। वीआईपी के वरीय नेता देव ज्योति ने बताया कि कुछ देर पहले हमलोगों को जानकारी मिली है। कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि कैसे क्या हो गया है। हमारे नेता मुकेश सहनी काफी आहत हैं। वह मुंबई से दरभंगा के लिए निकल चुके हैं। दरभंगा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है। 

  • कौन हैं मुकेश सहनी?

मुकेश सहनी बिहार में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख हैं। उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 से पहले विपक्ष के इंडिया ब्लॉक में शामिल हो गई थी। यह समझौता मूल रूप से लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुकेश सहनी और राष्ट्रीय जनता दल के बीच हुआ था। मुकेश सहनी को 'सन ऑफ मल्लाह' के नाम से जाना जाता है। बिहार में मल्लाहों की आबादी करीब सात फीसदी है।

Post a Comment

أحدث أقدم