अच्छा काम करने वाले कांग्रेस नेताओं को मिली जिम्मेदारी, 74 सचिव, संयुक्त सचिव नियुक्त



नई दिल्ली | कांग्रेस ने अपने संगठन में बड़े बदलाव करते हुए हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों से पहले 74 नए सचिव और संयुक्त सचिव नियुक्त किए हैं। इन नियुक्तियों में, इन अधिकारियों को विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभागों के प्रभारी महासचिवों के साथ सम्बद्ध किया गया है।

कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने इन सभी नामों को मंजूरी दी है और नवनियुक्त पदाधिकारियों से तुरंत काम शुरू करने का आग्रह किया है। पार्टी ने उन नेताओं की सराहना की है जिन्होंने अब तक इन पदों पर उत्कृष्ट कार्य किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय में समन्वयक के रूप में कार्यरत प्रणव झा और गौरव पंधी को भी सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष नेटा डिसूजा और एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष नीरज कुंदन को महासचिव संगठन श्री वेणुगोपाल के कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है।

संचार विभाग में सचिव विनीत पुनिया का विभाग नहीं बदला गया है, लेकिन रुचिरा चतुर्वेदी को इस विभाग से सम्बद्ध किया गया है। साथ ही, मनोज त्यागी को प्रशासनिक संयुक्त सचिव और श्रीमती आरती कृष्णा को विदेश विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। चेतन चौहान को हिमाचल प्रदेश से सम्बद्ध किया गया है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता कुणाल चौधरी, बीएम संदीप, यूबी वेंकटेश और क़ाज़ी निज़ामुद्दीन को महाराष्ट्र में नियुक्त किया गया है। प्रमुख समाजवादी नेता स्वर्गीय शरद यादव की बेटी सुहासिनी यादव, उषा नायडू को गुजरात में, कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा और रविंद्र दलवी को पंजाब में, परगट सिंह और सुरेंद्र शर्मा को उत्तराखंड में, चिरंजीव राव, रुत्विक मकवाना और पूनम पासवान को राजस्थान में, दिव्या मदेरणा और मनोज यादव को जम्मू कश्मीर में, धीरज गुर्जर को उत्तर प्रदेश में, दानिश अबरार और सुखविंदर सिंह डैनी को दिल्ली में, मनोज चौहान और प्रफुल्ल विनोदराव गडाधे को हरियाणा में, देवेंद्र यादव, सुशील कुमार पासी और शाहनवाज आलम को बिहार में, पृथ्वीराज साथी और जितेंद्र बघेल को असम में, और संपत कुमार व श्रीमती सरिता लाइफलां को छत्तीसगढ़ में सम्बद्ध किया गया है। विजय जांगिड़ को राज्य का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

Post a Comment

और नया पुराने