मुंशी प्रेमचंद जयंती पर विविध प्रतियोगिताएं आयोजित


जबलपुर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सेठ गोविंद दास हिंदी पुस्तकालय एवं वाचनालय में डीके शुक्ला, राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी (यांत्रिक) की अध्यक्षता में और साहित्यकार उमेश ओज के मुख्य आतिथ्य में मुंशी प्रेमचंद की जयंती मनाई गई। इस कार्यक्रम का प्रारंभ अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि द्वारा मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर माल्यार्पण से किया गया। स्वागत नवीन कुमार ने पुष्प देकर किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुवादक किशोर कुमार साहू ने किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष व राजभाषा अधिकारी डीके शुक्ला ने महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हमारे लिए अधिकतर मदों पर शत-प्रतिशत कार्य हिंदी में किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी से राजभाषा नियमों का पालन करने और कार्यालयीन कार्य हिंदी में करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि व साहित्यकार उमेश ओज ने मुंशी प्रेमचंद की कुछ रचनाओं का सार बताते हुए अपनी एक प्रसिद्ध रचना का वाचन किया। अध्यक्ष ने शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में संरक्षा विभाग की वाक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम स्थान पर संजीव ताम्रकार, द्वितीय स्थान पर दीपाली खानोरकर और तृतीय स्थान पर श्रीकांत हेडाऊ रहे। इसके बाद संरक्षा का राजभाषा प्रश्नमंच आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के तृतीय चरण में वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की वाक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम स्थान पर अम्बेदकर कुमार, द्वितीय स्थान पर मनीष सरकले और तृतीय स्थान पर सर्वेन्द्र कुमार रहे। इसके पश्चात वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के लिए राजभाषा प्रश्नमंच का आयोजन किया गया। विजेता कर्मचारियों को नगद पुरस्कार दिए गए।

इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आशीष अवस्थी, एस शंकर, पवन नेमा, आशीष कुमार गुप्ता, वीके चौरसिया, सादिक खान, एलसी केशरवानी, मनीष सरकले, शिवप्रसाद पाटिल, हाकिम सिंह आदि उपस्थित रहे।






Post a Comment

أحدث أقدم