देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत निकली तिरंगा यात्रा

बालाघाट। 15 अगस्त के अवसर पर देश की स्वतंत्रता की खुशी में हर शहर में तिरंगा यात्रा आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में बालाघाट विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों के दिलों में देशभक्ति की ज्वाला को प्रज्वलित करने के लिए एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में प्रमुख अतिथियों के रूप में पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, सांसद भारती पारधी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे, जनभागीदारी अध्यक्ष मौसम बिसेन, नगरपालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, पूर्व नपाध्यक्ष अनिल धुवारे, भाजपा मोर्चा जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और नागरिकों की उपस्थिति रही।

तिरंगा रैली में देशभक्तों की उमंग और उत्साह को देखकर पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की गरिमा और जनता का गर्व है। आजादी के इस महापर्व को विशेष बनाने के लिए 9 अगस्त से शुरू हुए 'हर घर तिरंगा' अभियान की मंशा को पूरा करने के लिए यह यात्रा आयोजित की गई। बालाघाट जिले में भी इस अभियान के तहत एक विशाल तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। बालाघाट विधानसभा क्षेत्र में यात्रा का प्रारंभ लालबर्रा की दिशा के कंजई से यात्रा प्रभारी मौसम बिसेन ने किया, वहीं दूसरी ओर अमेड़ा से भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया।


नगर के अम्बेडकर चौक पर एक विशाल जनसमूह एकत्रित हुआ, जहां नगरपालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने तिरंगा रैली का भव्य स्वागत किया। इसके बाद, लोकसभा सत्र से लौटकर बालाघाट पहुँची सांसद भारती पारधी ने भी यात्रा में भाग लिया और देशभक्ति गीतों के साथ नगर भ्रमण किया। इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने 'भारत माता की जय' के उद्घोष के साथ वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

  • देशभक्ति का अद्भुत जज्बा: मौसम बिसेन

यात्रा प्रभारी मौसम बिसेन ने कहा कि देशवासियों ने आजाद भारत का सपना देखा था, जिसे वीर जवानों, क्रांतिकारियों और महापुरुषों ने साकार किया है। इसी भावना को संजोए रखने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने तिरंगा अभियान की शुरुआत की है, जिसमें तिरंगा रैली, मैराथन, देशभक्ति संगीत, मेला और कैनवास जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं। 'हर घर तिरंगा' और 'घर-घर तिरंगा' अभियान के तहत लोगों से अपने-अपने निवास पर तिरंगा ध्वज लगाने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के लिए अनगिनत लोगों ने स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी और बलिदान दिया है। हम आज स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, यह उनके त्याग और बलिदान का परिणाम है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

  • तिरंगा रैली ने दिखाया देशभक्ति का परिपक्व भाव: सांसद भारती पारधी

तिरंगा रैली में बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र की सांसद भारती पारधी ने भी दुपहिया चलाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सभी ने सहभागिता निभाई है और हर किसी के मन में देश के प्रति सम्मान है, यही प्रेम देशभक्ति के भाव को सशक्त करता है। तिरंगा रैली में लोगों का अद्वितीय उत्साह और उमंग दिखाई दिया, जो हमारे देश की पहचान है। सभी ने मिलकर तिरंगे को थाम लिया और संदेश दिया कि भारत विश्व में सर्वश्रेष्ठ है।

Post a Comment

और नया पुराने