सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए कृत संकल्पित: यादव


उज्जैन | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बाबा महाकाल की नगरी अवंतिका अनंत है। यह नगरी हर काल और हर युग में अपने गुणों, कीर्ति और प्रसिद्धि से सदैव अलंकृत होती आ रही है। भारत विश्व का सबसे बड़ा और गौरवशाली लोकतंत्र है, जिसके तीन आधार स्तंभों में न्यायपालिका प्रमुख है, जो महाराजा विक्रमादित्य की न्यायप्रियता के समान हमारी ताकत को कई गुना बढ़ाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा विक्रमादित्य की न्याय और समानता से प्रेरित मध्यप्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए कृत संकल्पित है।
डॉ. यादव उज्जैन के रामानुज कोट आश्रम में आयोजित समतामूर्ति अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश जी के महेश्वरी को रामानुज कोट के धर्माचार्य संत स्वामी श्री गादी जी महाराज द्वारा समतामूर्ति अलंकरण से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी श्री रंगनाथाचार्य जी महाराज सहित अन्य संत आचार्य उपस्थित रहें। 

Post a Comment

أحدث أقدم