रेल विद्युतीकरण के 100वें वर्ष पर पमरे की विशेष प्रदर्शनी का आयोजन


जबलपुर। भारतीय रेल इस वर्ष अपने रेल विद्युतीकरण के 100वें वर्ष (1925-2025) का उत्सव मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के विद्युत विभाग द्वारा जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मुकेश सहित तीनों मंडलों के विद्युत विभाग के सभी रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। उन्होंने भारतीय रेल के विद्युतीकरण के 100वें वर्ष के उपलक्ष्य में पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

प्रदर्शनी में हरित ऊर्जा और नवीन तकनीकों का प्रदर्शन

इस प्रदर्शनी में रेलवे के बीना सोलर पावर प्लांट, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (OHE) में उपयोग की जाने वाली कैंटीलीवर असेंबली सहित कई आधुनिक तकनीकों के मॉडल प्रदर्शित किए गए। इसके अलावा, ट्रैक्शन प्रयोजन हेतु हरित ऊर्जा की खरीद के लिए रोडमैप एवं योजना को भी पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

रेल विद्युतीकरण की ‘मेमोरबिलिया’ बुक का विमोचन

इस ऐतिहासिक अवसर को और भी खास बनाते हुए महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने "मेमोरबिलिया" (MEMORABILIA) बुक का विमोचन किया। यह पुस्तक भारतीय रेल के विद्युतीकरण के 100 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाती है।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति

इस प्रदर्शनी में रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से –

  • प्रमुख मुख्य दूरसंचार एवं संकेत इंजीनियर श्री एकनाथ मोहकर
  • प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री आशुतोष
  • वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नीरज कुमार
  • प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री गुरिंदर मोहन सिंह
  • प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री कुशाल सिंह
  • प्रमुख मुख्य भण्डार प्रबंधक श्री एम के गुप्ता
  • प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री प्रवीन खोराना
  • प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. श्याम सुंदर
  • प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री राजीव कुमार यादव
  • मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम. एस. हाशमी
  • मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा
  • सचिव महाप्रबंधक श्री राहुल जयपुरियार

इसके अलावा, मुख्यालय एवं मंडलों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्रदर्शनी में शामिल हुए।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समापन

इस कार्यक्रम का संचालन उप मुख्य विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) श्री चेतन गुलवानी ने किया, जबकि मुख्य विद्युत वितरण इंजीनियर श्री जगराम मीना ने महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय एवं उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह प्रदर्शनी भारतीय रेल की विद्युतीकरण यात्रा के 100 वर्षों की तकनीकी प्रगति और नवाचार को दर्शाने का एक महत्वपूर्ण अवसर था। इस आयोजन ने न केवल रेलवे के विद्युतीकरण के ऐतिहासिक सफर को रेखांकित किया बल्कि भविष्य की हरित ऊर्जा और टिकाऊ विकास की दिशा में रेलवे की प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।

Post a Comment

أحدث أقدم