साड़ी वॉकथॉन 2.0: 6 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी से गूंज उठी संस्कारधानी

भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी सशक्तिकरण का अद्भुत संगम


जबलपुर। महिलाओं की चेतना, आत्मबल और संस्कृति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध "ऊर्जा" संगठन द्वारा जबलपुर में "साड़ी वॉकथॉन 2.0" का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में 6000 से अधिक महिलाओं ने सहभागिता की, जिससे पूरा शहर मातृशक्ति के उल्लास और गौरव से भर उठा। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य भारतीय परिधान एवं संस्कृति को बढ़ावा देना और महिला सशक्तिकरण को एक नई दिशा प्रदान करना था।

स्वच्छता और संस्कारों की शपथ के साथ हुआ भव्य शुभारंभ

कार्यक्रम की भव्य शुरुआत महापौर जगत बहादुर सिंह "अन्नू" एवं यामिनी "अन्नू" सिंह द्वारा की गई, जिन्होंने भंवरताल गार्डन में उपस्थित हजारों मातृशक्तियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति ही परिवार एवं समाज में संस्कारों की नींव रखती है, और यह आयोजन महिलाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है।

रंग-बिरंगे परिधानों से सजी संस्कारधानी की सड़कों पर उमड़ा महिला सैलाब


प्रातः 6 बजे से ही महिलाओं का समूह भंवरताल गार्डन में एकत्रित होना शुरू हो गया था। परंपरागत साड़ी परिधान में सजी महिलाएं पूर्ण उत्साह के साथ आयोजन में सम्मिलित हुईं। वहां से पैदल मार्च करते हुए यह समूह रसल चौक, राजीव गांधी चौक, करमचंद चौक और मालवीय चौक से होते हुए पुनः भंवरताल गार्डन पहुंचा। इस दौरान महिलाओं ने 2 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी की, जिसमें उल्लास, उमंग और गर्व का माहौल देखने को मिला।

विभिन्न वेशभूषाओं में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

इस कार्यक्रम में विभिन्न परंपरागत वेशभूषा में सजी महिलाओं ने भारतीय संस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया। कुछ महिलाओं ने साध्वी वेश धारण कर सनातन संस्कृति की महिमा का प्रचार किया, तो कुछ समूहों ने वृक्षारोपण और ग्लोबल वार्मिंग से संबंधित संदेशों के साथ समाज को जागरूक किया।

प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार और सम्मान

कार्यक्रम में ऊर्जावान महिला, पारंपरिक वेशभूषा एवं सामाजिक संदेश देने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। सभी प्रतिभागियों को "टीम ऊर्जा" की ओर से सर्टिफिकेट, फूड प्रोडक्ट्स और डिस्काउंट कूपन के साथ गुडी बैग प्रदान किया गया।

संस्कारधानी को गौरवान्वित करने वाला आयोजन

इस आयोजन में एम. आर. कोठारी, योद्धा, डी कैथलॉन, होटल कदम्ब ट्री, समदड़िया बिल्डर्स, अतरंगी एंटरटेनमेंट, मेडीनीड नेक्स्ट, खटवानी सुजुकी, माँ गायत्री, मूवी मैजिक, एनीटाइम फिटनेस, फॉन द फ्री लैंस सलून, न्यूट्रीफिट, जबलपुर सोशल, आई नेक्स्ट मोबाइल, सोनिया बड़ेरिया और रेड FM 93.5, टियो रैन सोलर का विशेष सहयोग रहा।

टीम ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में ऊर्जा संगठन की प्रमुख सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसमें अर्चना दीक्षित, काजल तलरेजा, पारुल अग्रवाल, दिव्या दिवाकर, पल्लवी पाठक, सुरभि मिश्रा, प्रीति पसरीचा, राशि जैन और आरती दुबे सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।

महापौर ने दी आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा

महापौर जगत बहादुर सिंह "अन्नू" एवं यामिनी 'अन्नू' सिंह ने इस ऐतिहासिक आयोजन की सराहना करते हुए टीम ऊर्जा को हार्दिक बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं समर्पण की सराहना की।

"ऊर्जा" संगठन द्वारा किया गया यह आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भरता और भारतीय संस्कृति से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि जब नारी शक्ति एकजुट होती है, तो वह समाज को एक नई दिशा देने में सक्षम होती है।

Post a Comment

और नया पुराने