जबलपुर। परियट जलाशय से राँझी जल शोधन संयंत्र को जल आपूर्ति करने वाली नहर, चाहिया चेम्बर और क्लीयर वॉटर टैंक के उन्नयनीकरण व सुधार कार्य के कारण 27 फरवरी से 5 मार्च तक जलापूर्ति बाधित रहेगी।
कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि परियट जलाशय से जलशुद्धिकरण के बाद विभिन्न सुरक्षा संस्थानों और उच्चस्तरीय टंकियों को पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन मरम्मत और सुधार कार्यों के कारण 27 फरवरी से 1 मार्च तक दोनों समय तथा 2 मार्च से 5 मार्च तक केवल सायंकालीन जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
इस दौरान कुलीहिल, शोभापुर, संजय नगर (अधारताल), बजरंग नगर राँझी, संजय नगर रावण पार्क, राँझी जल शोधन संयंत्र ओव्हर हैड टैंक, शारदा नगर, मानेगांव, बिलपुरा, मढ़ई, राँझी श्मशानघाट, सुभाष नगर बिलपुरा जैसे क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति रहेगी।
नगर निगम जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, एम.आई.सी. सदस्य एवं जल प्रभारी दामोदर सोनी और निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस सुधार कार्य से भविष्य में जल आपूर्ति की गुणवत्ता और क्षमता में सुधार होगा।
नगर निगम ने नागरिकों से जल संचयन करने और पानी का संयमित उपयोग करने की सलाह दी है, ताकि इस अवधि में किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
إرسال تعليق