राजस्व वसूली में तेजी लाने निगमायुक्त के सख्त निर्देश


जबलपुर। नगर निगम जबलपुर की राजस्व वसूली प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। सोमवार को राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कर वसूली का लक्ष्य बढ़ाने और बकायादारों से जल्द से जल्द कर की राशि वसूलने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने राजस्व अमले को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक करदाता के घर जाकर बकाया कर की राशि जमा कराई जाए। उन्होंने कहा कि अब वसूली अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित करने तथा उनके विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई करने के आदेश भी दिए।

राजस्व वसूली को प्रभावी बनाने के लिए निगमायुक्त ने सभी अपर आयुक्तों, उपायुक्तों, सहायक आयुक्तों और विभागीय प्रमुखों को भी दो महीने तक वसूली कार्य में शामिल करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं करदाताओं से संपर्क कर बकाया राशि जमा कराने के लिए प्रयास करें।

बैठक में निगमायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन राजस्व निरीक्षकों द्वारा लक्ष्य के अनुरूप कर वसूली नहीं की जाएगी, उन्हें राजस्व विभाग से हटाकर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त आर.पी. मिश्रा, व्ही.एन. बाजपेयी, मनोज श्रीवास्तव, श्रीमती अंजू सिंह ठाकुर, उपायुक्त पी.एन. सनखेरे सहित अन्य राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم