जबलपुर। जबलपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक-2 श्री शशांक गुप्ता ने हाल ही में रेलवे साइडिंग एवं माल गोदामों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बरगवां, मझौली, गजराबहरा, देवरा ग्राम एवं सरई ग्राम स्थित रेलवे साइडिंग और माल गोदामों का दौरा कर वहां की मौजूदा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री गुप्ता ने माल लदान प्रक्रिया को अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने लदान कार्य से जुड़ी समस्याओं को समझने के लिए लदान करने वाली पार्टियों से संवाद किया और उनके समाधान हेतु संभावित उपायों पर चर्चा की।
पर्यावरणीय मानकों एवं संरक्षा पर विशेष जोर
कोयला लदान प्रक्रिया के दौरान पर्यावरणीय दिशानिर्देशों के सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। श्री गुप्ता ने कोयले के सुरक्षित भंडारण की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कर्मचारियों को इसे व्यवस्थित तरीके से रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
अधोसंरचना विकास एवं संरक्षा पर गहन समीक्षा
निरीक्षण के दौरान साइडिंग क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। साथ ही, रेलवे स्टेशन पर पैनल संचालन की प्रक्रिया की जानकारी ली गई, जिसमें संरक्षा मानकों एवं दस्तावेज़ संकलन की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया गया।
यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं की उपलब्धता की भी गहन समीक्षा की गई। श्री गुप्ता ने दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) एवं अन्य विभागों के निरीक्षक और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रस्तावित सुधार कार्यों को शीघ्र क्रियान्वित किया जाए ताकि माल परिवहन एवं यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार होता रहे।
एक टिप्पणी भेजें