अंबेडकर के सपनों को साकार कर रहे हैं नीतीश कुमार: सूरज जायसवाल

जबलपुर। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जबलपुर के अंबेडकर चौक पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जजों के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और गर्व का है, क्योंकि यह उस महान व्यक्तित्व का जन्म दिवस है, जिनके प्रयासों से आज भारत का हर नागरिक अपने अधिकारों को लेकर जागरूक और सुरक्षित महसूस करता है।


उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को एक ऐसा संविधान दिया जिसमें दलित, पिछड़े और शोषित वर्गों को सामाजिक न्याय और सम्मान की गारंटी दी गई है। सूरज जायसवाल ने बिहार की नीतीश कुमार सरकार की सराहना करते हुए कहा कि वे आज देश में सामाजिक समानता और सर्वधर्म सद्भाव का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाति आधारित जनगणना के माध्यम से सामाजिक न्याय की दिशा में जो कदम बिहार में उठाए गए हैं, वे अभूतपूर्व हैं और यही बाबासाहेब के सपनों को साकार करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।

कार्यक्रम में जनता दल (यू) के प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक बेन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान और उसमें दिए गए अधिकारों की रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है। इस अवसर पर एडवोकेट राम गिरीश वर्मा, संतोष नेमा, सुभाष जायसवाल, इमाम खान, मोहन दुबे, विनोद पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

जनता दल (यू) ने यह संकल्प दोहराया कि मध्य प्रदेश में भी सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष जारी रहेगा और अंबेडकर के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।

Post a Comment

أحدث أقدم