जल गंगा संवर्धन अभियान: गंगासागर तालाब की सफाई कर स्वच्छता का दिया संदेश


जबलपुर, अक्षर सत्ता  मध्यप्रदेश शासन द्वारा आगामी पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण को सुनिश्चित करने की दिशा में 30 मार्च से 30 जून तक प्रदेशव्यापी "जल गंगा संवर्धन अभियान" चलाया जा रहा है। इस मुहिम के तहत राज्य भर के तालाबों, कुओं, बावड़ियों और नदियों की साफ-सफाई की जा रही है, जिससे इन जल स्त्रोतों को पुनः जीवनदान दिया जा सके।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं इस जनसरोकार से जुड़े अभियान को दिशा दे रहे हैं और समाज के हर वर्ग को इस नेक कार्य में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनकी प्रेरणा से यह अभियान एक सशक्त सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है।

इसी क्रम में नगर निगम जबलपुर द्वारा भी इस अभियान को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशन में नगर के विभिन्न जल स्त्रोतों की सफाई निरंतर जारी है। शनिवार को संभाग क्रमांक 2, कछपुरा स्थित गंगासागर तालाब में एक विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया, जिसमें वरिष्ठ समाजसेवी लेखराज सिंह उर्फ मुन्ना भैया के नेतृत्व में 125 सहयोगियों ने भाग लिया।

इस सामूहिक श्रमदान में क्षेत्रीय पार्षद प्रिया संजय तिवारी, पार्षद श्रीराम पटेल, जनप्रतिनिधि श्रीमती निशा संजय राठौर, पंकज दुबे, अजय तिवारी, प्रिंसी जैन, मंडल अध्यक्ष प्रशांत दुबे, प्रणय गुप्ता, रत्नेश सैनी और भानु प्रताप सिंह भी सम्मिलित हुए। सभी ने मिलकर तालाब में फैली जलकुंभी, कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाकर घाटों की सफाई की।

इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी दिनेश ठाकुर, अनिल बारी, विष्णुकांत दुबे, अनीता पांडेय, मूर्ति, बर्नवास, अप्पाराव, रवि सहित अनेक कर्मी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के दौरान पांच ट्रॉली भरकर कचरा और जलीय वनस्पतियाँ निकाली गईं।

गौरतलब है कि निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव स्वयं क्षेत्रीय निरीक्षण कर इस अभियान की प्रगति का मूल्यांकन कर रही हैं तथा जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हर स्तर पर प्रयासरत हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि जन-भागीदारी से उपजा एक सशक्त सामाजिक संकल्प बनता जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post